Lucknow में अवैध निर्माण पर LDA का एक्शन : दो इमारतों पर ताला, अस्पताल का कॉम्प्लेक्स भी सील
शहर के जानकीपुरम और महानगर में बिना नक्शा पास कराए हो रहा था निर्माण, एलडीए की प्रवर्तन टीम ने अवैध इमारतों के कई फ्लोर किए सील

लखनऊ, 31 अक्टूबर 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में अवैध निर्माण और अनधिकृत प्लॉटिंग के खिलाफ लखनऊ विकास प्राधिकरण (LDA) ने सख्त रुख अपना लिया है। एलडीए उपाध्यक्ष प्रथमेश कुमार के निर्देश पर प्रवर्तन जोन-5 की टीम ने जानकीपुरम और महानगर क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध व्यावसायिक निर्माणों को सील कर दिया। इनमें एक अस्पताल से जुड़ा व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स भी शामिल है।
प्रवर्तन जोन-5 के जोनल अधिकारी प्रभाकर सिंह ने बताया कि जानकीपुरम योजना के सेक्टर-एच में ध्रुव अग्रवाल व अन्य द्वारा करीब 300 वर्गमीटर के भूखंड पर बिना मानचित्र स्वीकृत कराए व्यावसायिक भवन का निर्माण कराया जा रहा था। प्राधिकरण की टीम ने कार्रवाई करते हुए भवन के लोअर ग्राउंड फ्लोर और अपर ग्राउंड फ्लोर को सील कर दिया।

इसी क्रम में महानगर स्थित कृष्ण कॉलोनी में फातिमा हॉस्पिटल की प्रबंधक व अन्य द्वारा करीब 550 वर्गमीटर के भूखंड पर बनाए जा रहे व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स पर भी कार्रवाई की गई। यहां निर्माण के बेसमेंट से लेकर भूतल, प्रथम, द्वितीय और तृतीय तल तक को सील कर दिया गया।

एलडीए अधिकारियों के मुताबिक दोनों निर्माणों के खिलाफ विहित न्यायालय में वाद दायर किए गए थे। न्यायालय ने मामले की सुनवाई के बाद सीलिंग के आदेश पारित किए थे। इन्हीं आदेशों के अनुपालन में प्रवर्तन टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों भवनों को सील किया।
एलडीए की इस कार्रवाई से अवैध निर्माण कराने वालों में हड़कंप मचा है। प्राधिकरण ने स्पष्ट किया है कि बिना स्वीकृत मानचित्र के निर्माण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई जारी रहेगी।






