Prayagraj

प्रयागराज न्यूज : रन फॉर यूनिटी में बदइंतजामी पर हंगामा, तोड़फोड़, BJP नेता को दौड़ाया, सर्टिफिकेट छीने

Run for Unity Controversy : बाइक से दौड़ पूरी करने पर भड़के प्रतिभागी, 7 बजे की दौड़ 6:30 बजे ही शुरू करने के लगे आरोप, पुलिस की गाड़ी भी घेरी

प्रयागराज, 31 अक्टूबर 2026:

यूपी के प्रयागराज में राष्ट्रीय एकता दिवस पर आयोजित रन फॉर यूनिटी मैराथन में शनिवार सुबह जमकर हंगामा हुआ। दौड़ के आयोजन में गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए प्रतिभागियों ने आयोजकों को घेर लिया। नाराज लोगों ने कुर्सियां तोड़ दीं, मंच पर चढ़कर नारेबाजी की। इस दौरान सर्टिफिकेट हासिल करने के लिए भी प्रतिभागियों के बीच छीना-झपटी हुई। हालात बिगड़ने पर पुलिस को आयोजन संभाल रहे भाजपा नेता को भीड़ से निकालकर नैनी थाने ले जाना पड़ा।

भाजपा जिला उपाध्यक्ष संभाल रहे थे आयोजन

मैराथन का आयोजन भाजपा यमुनापार की ओर से किया गया था। इसकी जिम्मेदारी पूर्व राज्य मंत्री व बारा के पूर्व विधायक रामसेवक पटेल के बेटे, भाजपा जिला उपाध्यक्ष डॉ. देवी सिंह पटेल संभाल रहे थे। दौड़ नैनी के अभिनंदन गेस्ट हाउस, मेवालाल की बगिया से शुरू होकर अरैल घाट स्थित सच्चा बाबा आश्रम के सेल्फी पॉइंट तक पहुंचनी थी। आयोजकों की ओर से पहले स्थान पर आने वाले प्रतिभागी के लिए 11 हजार रुपये, जबकि दूसरे स्थान के लिए 7 हजार रुपये का इनाम तय किया गया था।

prayagraj-run-for-unity-marathon-hangama (2)

ये भी पढ़ें:

समय से पहले दौड़ शुरू कराने पर उठे सवाल

मैराथन सुबह 7 बजे शुरू होनी थी, लेकिन प्रतिभागियों का आरोप है कि इसे करीब आधे घंटे पहले ही शुरू करा दिया गया। कुछ लोग बिना रजिस्ट्रेशन के भी दौड़ में शामिल हो गए। आरोप है कि न तो कार्यक्रम का आधिकारिक शुभारंभ हुआ, न ही हरी झंडी दिखाकर दौड़ शुरू कराई गई। इस दौरान कुछ प्रतिभागियों ने बाइक पर बैठकर भी रास्ता पूरा किया। इससे दौड़ में शामिल दूसरे लोग नाराज हो गए। उनका आरोप था कि आयोजन में नियमों का पालन नहीं किया गया।

Advertisement

prayagraj-run-for-unity-marathon-hangama (3)

मंच पर पहुंचे प्रतिभागी, भाजपा नेता को घेरा

दौड़ खत्म होने के बाद सच्चा बाबा आश्रम के पास बने मंच पर विजेताओं को सर्टिफिकेट दिए जा रहे थे। इसी दौरान नाराज प्रतिभागियों ने डॉ. देवी सिंह पटेल को घेर लिया। उन्होंने आयोजन में बेईमानी का आरोप लगाते हुए दोबारा मैराथन कराने की मांग की। देखते ही देखते हंगामा बढ़ गया। कुछ लोगों ने कुर्सियां तोड़नी शुरू कर दीं। देवी सिंह वहां से निकलने लगे तो भीड़ ने उन्हें दौड़ाकर पकड़ लिया।

prayagraj-run-for-unity-marathon-hangama (4)

पुलिस से भी हुई तीखी नोकझोंक

हंगामे के बीच पुलिसकर्मी लोगों को शांत कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन भीड़ लगातार नाराजगी जताती रही। पुलिस ने किसी तरह देवी सिंह पटेल को भीड़ से निकालकर सरकारी गाड़ी में बैठाया। उन्हें नैनी थाने ले जाने के दौरान प्रतिभागियों ने पुलिस की गाड़ी को भी घेर लिया। इस दौरान पुलिसकर्मियों के साथ लोगों की तीखी नोकझोंक हुई।

prayagraj-run-for-unity-marathon-hangama (5)

सर्टिफिकेट के लिए मंच पर मची छीना-झपटी

हंगामे के बीच मंच पर रखे सर्टिफिकेट भी प्रतिभागियों ने उठा लिए। इन्हें लेने के लिए लोगों के बीच धक्का-मुक्की होने लगी। दावा किया जा रहा है कि कुछ प्रतिभागी अपने साथ 10-10 सर्टिफिकेट तक ले गए। बाद में पुलिस देवी सिंह पटेल को सुरक्षित नैनी थाने ले गई। वहां विजेता प्रतिभागियों को बुलाकर सम्मानित किया गया, साथ ही उन्हें तय इनामी रकम भी दिलाई गई।

ये भी पढ़ें  प्रयागराज न्यूज : कांग्रेसियों ने बुलंद की आवाज, बोले- संविधान की ताकत से होगी सामाजिक न्याय की लड़ाई

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link