राष्ट्रीय एकता दिवस : धामी की खिलाड़ियों व पीआरडी जवानों को सौगात, रन फॉर यूनिटी को किया रवाना
पवेलियन ग्राउंड में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे सीएम, कई घोषणाएं कीं, खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ेगी, मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि होगी दोगुनी, प्रांतीय रक्षक दल के जवानों का बढ़ाया जाएगा मानदेय

योगेंद्र मलिक
देहरादून, 31 अक्तूबर 2026ः
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को देहरादून के पवेलियन ग्राउंड में राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर आयोजित ‘रन फॉर यूनिटी’ कार्यक्रम में पहुंचे। सीएम ने दौड़ में शामिल युवाओं को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया और उनका उत्साहवर्धन करते हुए राष्ट्रीय एकता एवं अखंडता का संदेश दिया। इस अवसर पर धामी ने युवाओं, खिलाड़ियों व प्रांतीय रक्षक दल (पीआरडी) के जवानों के हित में कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं।
प्रत्येक ग्राम पंचायत में होगा मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन
मुख्यमंत्री ने प्रांतीय रक्षक दल के जवानों के मानदेय में वृद्धि किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि मानदेय वृद्धि के संबंध में जल्द ही बैठक आयोजित की जाएगी। उन्होंने प्रदेश की प्रत्येक ग्राम पंचायत में मुख्यमंत्री खेल क्लब का गठन करने की भी घोषणा की। कहा कि इससे ग्रामीण क्षेत्रों में खेल गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा और स्थानीय प्रतिभाओं को आगे बढ़ने के बेहतर अवसर प्राप्त होंगे। धामी ने देहरादून के आमवाला स्थित युवा केंद्र से सटी रिक्त भूमि को युवा कल्याण विभाग के नाम हस्तांतरित किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि इस भूमि पर मिनी स्टेडियम एवं अग्निवीर प्रशिक्षण केंद्र का निर्माण किया जाएगा। इससे युवाओं को खेल सुविधाओं के साथ ही सेना में भर्ती की तैयारी के लिए बेहतर प्रशिक्षण सुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
संसदीय व विधानसभा क्षेत्र स्तर पर भी बढ़ेगी राशि
सीएम ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत विभिन्न स्तरों पर आयोजित खेल प्रतियोगिताओं के विजेता खिलाड़ियों की पुरस्कार राशि बढ़ाने की भी घोषणा की। इसके तहत न्याय पंचायत स्तर पर प्रथम पुरस्कार 300 से बढ़ाकर 400 रुपये, द्वितीय पुरस्कार 200 से बढ़ाकर 300 रुपये और तृतीय पुरस्कार 150 से बढ़ाकर 200 रुपये किया जाएगा। विधानसभा क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार की राशि क्रमशः 500, 400 व 300 से बढ़ाकर 700, 500 व 400 रुपये की जाएगी। इसी प्रकार संसदीय क्षेत्र स्तर पर प्रथम, द्वितीय व तृतीय पुरस्कार की राशि 800, 600 व 400 से बढ़ाकर 1,000, 800 व 600 और राज्य स्तर पर 1,500, 1,000 व 700 से बढ़ाकर 2,000, 1,500 व 1,000 करने की घोषणा की गई।

मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के खेलों की संख्या बढ़ेगी
धामी ने मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत ओवरऑल विजेता जनपद को दिए जाने वाले मुख्यमंत्री कप की पुरस्कार राशि 5 लाख से बढ़ाकर 10 लाख रुपये किए जाने की घोषणा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान में मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी के तहत 32 खेल आयोजित किए जाते हैं, जिनकी संख्या बढ़ाकर 50 की जाएगी। इनमें विशेष रूप से पारंपरिक खेलों को शामिल किया जाएगा। उन्होंने चैंपियनशिप ट्रॉफी के आयोजन के लिए निर्धारित कुल धनराशि में भी वृद्धि करने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने भारत रत्न सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर उन्हें नमन करते हुए प्रदेशवासियों को राष्ट्रीय एकता दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि सरदार पटेल ने अपनी दृढ़ इच्छाशक्ति, दूरदर्शिता और नेतृत्व क्षमता से देश की एकता एवं अखंडता को मजबूत आधार प्रदान किया। पटेल ने विभिन्न रियासतों का एकीकरण कर सशक्त और एकजुट भारत के निर्माण में ऐतिहासिक भूमिका निभाई।
ऐसे आयोजन पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम
सीएम ने कहा कि हमारी सबसे पहली पहचान भारतीय होने की है। यही भावना हमें आपसी मतभेदों से ऊपर उठकर देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलकर कार्य करने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि ‘रन फॉर यूनिटी’ जैसे आयोजन सरदार पटेल के विचारों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रीय एकता की भावना को मजबूत करने का महत्वपूर्ण माध्यम हैं। उन्होंने युवाओं से अनुशासन, परिश्रम और दृढ़ संकल्प के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया। कहा कि युवा शक्ति ही देश और प्रदेश के उज्ज्वल भविष्य का आधार है। उन्होंने युवाओं से खेल, योग और नियमित शारीरिक गतिविधियों को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाने और नशे से दूर रहने की अपील की। मुख्यमंत्री ने युवाओं से नशामुक्त उत्तराखंड के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने और नशे के विरुद्ध जनजागरूकता बढ़ाने का भी आह्वान किया।

जोशीमठ हेलीकॉप्टर हादसे पर जताया दुःख
धामी ने बद्रीनाथ धाम से लौटते समय जोशीमठ क्षेत्र में हुए हेलीकॉप्टर हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया। उन्होंने हादसे में दिवंगत हुए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदनाएं व्यक्त कीं। उन्होंने भगवान बदरी विशाल से दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान देने और शोकाकुल परिजनों को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी एवं खजान दास, राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, देहरादून के महापौर सौरभ थपलियाल, विधायक बृजभूषण गैरोला, उत्तराखंड राज्य स्तरीय खेल परिषद के अध्यक्ष कुलदीप बुटोला, उपाध्यक्ष हेमराज बिष्ट, निदेशक खेल दीप्ति सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि व अधिकारी मौजूद रहे।






