खेल महाकुंभ 2026 : गांवों की प्रतिभाओं को मिला मंच, इस वर्ष 3.17 लाख खिलाड़ियों ने दिखाया दम
धामी ने खिलाड़ियों को किया सम्मानित, न्याय पंचायत स्तर पर 662, विधानसभा क्षेत्र स्तर पर 70 और संसदीय क्षेत्र स्तर पर आठ प्रतियोगिताओं के जरिए खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मिला मौका

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 1 नवंबर 2026ः
उत्तराखंड की खेल प्रतिभाओं को तराशने और उन्हें राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान दिलाने की दिशा में खेल महाकुंभ एक मजबूत मंच बनकर उभरा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को देहरादून में आयोजित खेल महाकुंभ-मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2026 के समापन समारोह में प्रदेशभर से पहुंचे प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ियों को सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड की किसी भी खेल प्रतिभा को संसाधनों व अवसरों के अभाव में पीछे न रहना पड़े।
युवाओं को खेलों में आगे बढ़ने का मिल रहा मौका
मुख्यमंत्री ने कहा कि खेल महाकुंभ ने ग्रामीण अंचलों में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाने और उन्हें अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का सशक्त मंच प्रदान किया है। न्याय पंचायत स्तर से लेकर राज्य स्तर तक आयोजित प्रतियोगिताओं के माध्यम से गांवों और दूरस्थ क्षेत्रों के युवाओं को भी खेलों में आगे बढ़ने का अवसर मिल रहा है। सरकार खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के साथ उनकी प्रतिभा को निखारने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री उदीयमान खिलाड़ी उन्नयन योजना, मुख्यमंत्री खिलाड़ी प्रोत्साहन योजना और मुख्यमंत्री खेल विकास निधि जैसी योजनाओं के माध्यम से खिलाड़ियों को छात्रवृत्ति, खेल उपकरण और बेहतर प्रशिक्षण की सुविधाएं दी जा रही हैं। सरकार का प्रयास है कि आर्थिक या संसाधनों की कमी किसी खिलाड़ी की राह में बाधा न बने।

एक साल में एक लाख खिलाड़ी बढ़े
वर्ष 2026 में करीब 3.17 लाख खिलाड़ियों ने प्रतिभाग किया, जबकि 3.33 लाख खिलाड़ियों ने ऑनलाइन पंजीकरण कराया था। वर्ष 2025 में यह संख्या 2.19 लाख थी। इस तरह एक वर्ष में करीब 98 हजार खिलाड़ियों की भागीदारी बढ़ी है। प्रतियोगिताएं 32 खेल विधाओं में आयोजित की गईं। न्याय पंचायत स्तर पर 662, विधानसभा स्तर पर 70 और संसदीय क्षेत्र स्तर पर आठ प्रतियोगिताओं के माध्यम से खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का अवसर मिला।

11.50 करोड़ की पुरस्कार राशि
खेल मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि खेल महाकुंभ प्रदेश में खेल संस्कृति को मजबूत करने का माध्यम बन रहा है। खेलों के जरिए युवाओं के लिए रोजगार, सम्मान और बेहतर भविष्य के अवसर भी खुल रहे हैं। विभिन्न स्तरों पर विजेता खिलाड़ियों को कुल 11.50 करोड़ रुपये की नकद पुरस्कार राशि दी जाएगी। राज्य स्तर के प्रतिभागियों को खेल किट, ट्रैक सूट, जूते और भोजन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई। समारोह में राज्यसभा सांसद नरेश बंसल, राज्य युवा कल्याण सलाहकार परिषद के उपाध्यक्ष कुंदन लटवाल, विशेष प्रमुख सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक दीप्ति सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।






