युवा संसद : युवाओं ने ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ पर रखे विचार, विजेताओं को मिले पुरस्कार
विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग ने कराया कार्यक्रम, 50 युवा हुए शामिल, विजेता प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा संसद में हिस्सा लेने के लिए दीं शुभकामनाएं, प्रमाण पत्र देकर किया सम्मानित

देहरादून, 1 नवंबर 2026ः
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में ‘विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग’ के तहत जिला स्तरीय युवा संसद का आयोजन किया गया। इस अवसर पर ‘एक राष्ट्र, एक चुनाव’ विषय पर युवाओं ने अपने विचार रखे और विषय के विभिन्न पहलुओं पर अपनी राय दी। कार्यक्रम में 50 युवाओं ने हिस्सा लिया। विजेताओं को पुरस्कार दिए गए। इसके अलावा अन्य प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र देकर सम्मानित किया गया।
प्रतिभागियों को बताया युवा संसद का उद्देश्य
कार्यक्रम के दौरान मेरा युवा भारत देहरादून के उपनिदेशक अविनाश कुमार सिंह ने प्रतिभागियों को युवा संसद कार्यक्रम के उद्देश्य व प्रक्रिया के संबंध में जानकारी दी। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र दिए गए। पहला, दूसरा व तीसरा स्थान पाने वाले प्रतिभागियों को राज्य स्तरीय युवा संसद में प्रतिभाग करने के लिए शुभकामनाएं दी गईं। कार्यक्रम में मेरा युवा भारत के लेखा एवं कार्यक्रम सहायक प्रवेश सिंह बजवाल, सुभाष खत्री, सुमन सिंह बिष्ट, देवेंद्र सहित अन्य लोग मौजूद रहे।

युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ना लक्ष्य
इस आयोजन का उद्देश्य युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं से जोड़ना, समसामयिक राष्ट्रीय विषयों पर विचार-विमर्श के लिए मंच प्रदान करना और नेतृत्व क्षमता एवं अभिव्यक्ति कौशल को प्रोत्साहित करना रहा। कार्यक्रम में निर्णायक मंडल की भूमिका सामाजिक कार्यकर्ता अवधेश शर्मा, ललित जोशी, पूर्व डीएम योगेश धस्माना और भैरवी ने निभाई। प्रतिभागियों के विचारों और प्रस्तुतियों के आधार पर परिणाम घोषित किए गए। इसमें शिव विश्नोई ने प्रथम, हिमानी ने द्वितीय और नेहा ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।






