देहरादून में देर रात पुलिस व बदमाशों के बीच मुठभेड़, दोनों के पैर में लगी गोली, ऐसे दबोचे गए
पटेलनगर में नयागांव के पास पुलिस टीम ने की कार्रवाई, चेकिंग के दौरान दोनों के बीच हुई फायरिंग, फॉरेंसिक टीम ने जुटाए साक्ष्य, दोनों बदमाशों का है पुराना आपराधिक इतिहास

राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 1 नवंबर 2026ः
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में शनिवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई। इस दौरान दोनों बदमाश पैर में गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने दोनों को दबोच लिया। मुठभेड़ की सूचना मिलते ही आला अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। घायल बदमाशों को तत्काल उपचार के लिए प्रेमनगर चिकित्सालय भेजा गया। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ अस्पताल पहुंचकर भी घटना की जानकारी ली। घायल बदमाशों की पहचान रुड़की निवासी समीम और शहजाद के रूप में हुई। पुलिस ने इनके पास से दो पिस्टल व कारतूस बरामद किए।
चेकिंग के दौरान पकड़े गए
पटेलनगर क्षेत्र में देर रात नयागांव के पास पुलिस की टीम सघन चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान फर्जी नंबर प्लेट लगी बाइक पर दो युवक आते दिखाई दिए। पुलिस ने उन्हें रुकने का इशारा किया, लेकिन बाइक सवार चेकिंग प्वाइंट पर रुकने के बजाय बुडपुर की ओर भागने लगे। पुलिस टीम ने तत्काल उनका पीछा शुरू कर दिया। खुद को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस पर फायरिंग कर दी। पुलिस के वाहन पर गोली लगने के बाद टीम ने जवाबी कार्रवाई की। इसमें दोनों बदमाशों के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गए।

कई बार जा चुके हैं जेल
पुलिस की प्रारंभिक पूछताछ में दोनों बदमाशों ने पटेलनगर, विकासनगर और सहसपुर थाना क्षेत्रों में नकबजनी की कई घटनाओं में शामिल होने की बात बताई। पूछताछ में उन्होंने वारदात के इरादे से देर रात निकलने की बात भी स्वीकार की। पुलिस के अनुसार दोनों का पुराना आपराधिक इतिहास है और वे पूर्व में कई बार हरिद्वार जेल जा चुके हैं। दोनों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्रवाई हो चुकी है। मुठभेड़ के बाद फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस अब बदमाशों के आपराधिक इतिहास को खंगालने के साथ ही उनके द्वारा बताई गई नकबजनी की घटनाओं और अन्य संभावित वारदातों की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।






