ED की गिरफ्त में बीती आजम की रात, सुबह कोर्ट में पेश किया, अखिलेश बोले- दुनिया देख रही मुकदमों की साजिश
Azam Khan ED Arrest : जौहर ट्रस्ट से जुड़े मामले में सपा नेता को आज सुबह गाजियाबाद की एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश किया गया, अखिलेश ने एक्स पर पोस्ट कर कार्रवाई को बताया साजिश

न्यूज डेस्क, 1 नवंबर 2026:
यूपी के रामपुर में समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खां की जेल से रिहाई के महज 20 मिनट बाद ही प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने उन्हें अपनी कस्टडी में ले लिया था। शनिवार शाम करीब 6:57 बजे आजम खां बेटे अब्दुल्ला आजम के साथ रामपुर जिला जेल से बाहर आए थे। करीब 7:17 बजे ईडी की टीम ने उन्हें हिरासत में ले लिया। पूरी रात दफ्तर में रखने के बाद आज रविवार को ईडी ने उन्हें गाजियाबाद की विशेष एमपी-एमएलए कोर्ट में पेश किया। इससे पहले उनसे पूछताछ गई।
जौहर ट्रस्ट के मामले में ईडी की कार्रवाई
आजम खां के जौहर ट्रस्ट के खिलाफ 2019 में मिली शिकायत के बाद ईडी ने जांच शुरू की थी। इस मामले में ट्रस्ट के पदाधिकारियों के साथ आजम खां के करीबियों से भी पूछताछ की गई। बीती 13 अक्टूबर को ईडी की टीम रामपुर जिला जेल पहुंची थी, जहां आजम खां से कई घंटे पूछताछ की गई थी।
जांच के दौरान ट्रस्ट से जुड़े करीब 494 करोड़ रुपये के हिसाब-किताब में गड़बड़ी सामने आने की बात कही गई है। इसी मामले में भ्रष्टाचार के आरोपों के साथ मनी लॉन्ड्रिंग की जांच भी चल रही है। शनिवार को आजम खां की रिहाई से पहले ईडी की 16 सदस्यीय टीम चार गाड़ियों से रामपुर जेल पहुंची थी। टीम गाजियाबाद की अदालत से जारी वारंट लेकर आई थी। उसके साथ भारी पुलिस बल भी तैनात था।

रिहाई के बाद आजम ने क्या कहा था
जेल से बाहर आने के बाद आजम खां ने मीडिया से बातचीत में कहा था कि उन्हें मुसलमान होने की सजा मिल रही है। उनका कहना था कि एक मुसलमान का यूनिवर्सिटी बनाना ही उनका गुनाह बन गया है। वहीं अब्दुल्ला आजम अपने पिता के साथ जेल से बाहर आने के बाद सीधे घर चले गए थे। इधर आजम खान को दिल्ली के ईडी दफ्तर में रखने के बाद सुबह 10 बजे के बाद उन्हें एमपी एमएलए कोर्ट में पेश किया गया। इस दौरान आजम काफी शांत दिखे।
अखिलेश का तंज, बोले- हुक्मरान याद रखें वक्त के साथ बदल जाता है तख्त
आजम खां की दोबारा गिरफ्तारी को लेकर सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा कि आज के हुक्मरानों को याद रखना चाहिए कि वक्त बदलने पर तख्त भी बदल जाता है। आजम खां के खिलाफ मुकदमों की जो साजिश रची जा रही है, उसे पूरा देश ही नहीं, दुनिया देख रही है।
आज के हुक्मरानों को याद रहे जब वक़्त बदल जाता है तो तख़्त बदल जाता है।
आदरणीय आज़म ख़ान साहब के साथ मुक़दमों की जो साज़िश की जा रही है, उसे पूरा देश ही नहीं पूरी दुनिया देख रही है।
किसी उम्र दराज़ को इस तरह के बेमानी मुक़दमों में फँसाकर बार-बार जेल में डालना एक बेहद कायराना हरकत है।
आज की सत्ता जिस ग़लत रवायत को हवा दे रही है, हवा बदलने पर वो ख़ुद उसकी शिकार होगी। तब भागते नहीं बनेगा।
नाइंसाफ़ी जब हद से गुज़र जाती है तो जुल्म करनेवाले के लिए ही कहर बन जाती है।
बेहद निंदनीय!
— Akhilesh Yadav (@yadavakhilesh) October 31, 2026
बार-बार जेल भेजना कायराना हरकत
अखिलेश ने आगे लिखा कि उम्रदराज व्यक्ति को इस तरह के बेमानी मुकदमों में फंसाकर बार-बार जेल भेजना कायराना हरकत है। आज की सत्ता जिस गलत रवायत को बढ़ावा दे रही है, हवा बदलने पर उसे खुद भी इसका सामना करना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि जब नाइंसाफी हद पार कर जाती है तो जुल्म करने वालों के लिए ही कहर बन जाती है। अखिलेश ने इस कार्रवाई को बेहद निंदनीय बताया है।






