आपदा प्रबंधन समिति ने जानी कार्यों की प्रगति, कहा- प्रभावित क्षेत्रों में मूलभूत सुविधाएं जल्द दुरुस्त की जाएं
समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला व ले. कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी ने अधिकारियों के साथ की बैठक, क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत व पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की, पेयजल आपूर्ति सुचारु करने के दिए निर्देश

देहरादून, 31 अक्टूबर 2026ः
राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के उपाध्यक्ष विनय रुहेला व ले. कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी ने सभी जनपदों के अधिकारियों के साथ बैठक कर आपदा से हुए नुकसान, क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों की मरम्मत और पुनर्निर्माण कार्यों की समीक्षा की। समिति के उपाध्यक्षों ने विभागों द्वारा किए जा रहे राहत व पुनर्बहाली कार्यों की प्रगति की जानकारी ली। साथ ही प्रभावित क्षेत्रों में जनजीवन सामान्य बनाने के लिए सभी कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए। बैठक के दौरान आपदा के कारण अवरुद्ध सड़कों की स्थिति की जनपदवार समीक्षा की गई।
बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर खोला जाए
विनय रुहेला ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बंद सड़कों को प्राथमिकता के आधार पर आवागमन के लिए खोला जाए और क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत व पुनर्निर्माण कार्यों में तेजी लाई जाए। उन्होंने आपदा से क्षतिग्रस्त पेयजल योजनाओं की भी समीक्षा की। कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति शीघ्र सुचारु की जाए। उपाध्यक्ष ने निर्देश दिए कि जिन पेयजल योजनाओं की मरम्मत की जानी है, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर ठीक किया जाए। संवेदनशील क्षेत्रों में आवश्यक सुरक्षात्मक एवं पुनर्निर्माण कार्यों को समय से पूरा किया जाए। जिन कार्यों के लिए शासन स्तर से स्वीकृति जरूरी है, उनके प्रस्ताव शासन को भेजें। इसमें देरी न हो।
क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों व पेयजल संबंधी जानकारी ली
उपाध्यक्ष ले. कर्नल रघुवीर सिंह भंडारी ने कहा कि आपदा से क्षतिग्रस्त परिसंपत्तियों के पुनर्निर्माण एवं मरम्मत से संबंधित विभागों से प्राप्त होने वाले प्रस्तावों का परीक्षण कर उन्हें तत्काल स्वीकृति प्रदान करने की दिशा में प्रभावी कार्यवाही की जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि क्षति के आकलन, प्रस्ताव तैयार करने और स्वीकृति प्राप्त करने की प्रक्रिया में आपसी समन्वय बनाए रखें। उन्होंने क्षतिग्रस्त विद्यालय भवनों व विद्यालयों में पेयजल, शौचालय एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं को हुए नुकसान की जानकारी ली। उन्होंने निर्देश दिए कि विद्यालयों में आवश्यक सुविधाओं को शीघ्र दुरुस्त किया जाए।
आपदा से क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत शीघ्र की जाए
आपदा से क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत के कार्यों की भी समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए गए कि क्षतिग्रस्त नहरों की मरम्मत शीघ्र पूरी की जाए, जिससे सिंचाई व्यवस्था सुचारू बनी रहे। बैठक में पिछले दिनों हुई ओलावृष्टि से कृषि एवं अन्य क्षेत्रों में हुए नुकसान का भी संज्ञान लिया गया। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में क्षति का आकलन शीघ्र पूरा करने और प्रभावितों को राहत एवं सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा प्रभावित परिवारों को समय पर राहत पहुंचाना सरकार की प्राथमिकता है। इसके लिए संबंधित विभाग पूरी संवेदनशीलता एवं तत्परता के साथ कार्य करें। बैठक में संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






