Uttarakhand

शुद्धिकरण मुद्दे व राहुल पर FIR के खिलाफ कांग्रेस का सचिवालय कूच, गूंजे नारे, पुलिस से भिड़ंत

राहुल गांधी पर दर्ज मुकदमे को बताया राजनीतिक कार्रवाई, कांग्रेस ने हल्द्वानी प्रकरण की निष्पक्ष जांच की मांग की, पुलिस ने कई नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लिया, प्रदर्शन के दौरान हरक सिंह रावत की तबीयत बिगड़ी, पुलिस व कार्यकर्ताओं ने उन्हें दून अस्पताल पहुंचाया

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 1 सितंबर 2026:

उत्तराखंड के देहरादून में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने हल्द्वानी में मल्लिकार्जुन खड़गे की सभा के बाद कथित शुद्धिकरण की घटना व राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे के विरोध में मंगलवार को सचिवालय कूच किया। कांग्रेस भवन से निकले मार्च को पुलिस ने सचिवालय से पहले बैरिकेडिंग लगाकर रोक दिया। इस दौरान पुलिस व कार्यकर्ताओं के बीच कई बार धक्का-मुक्की हुई।

पहली बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़े गोदियाल

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष गणेश गोदियाल कार्यकर्ताओं के साथ पहली बैरिकेडिंग पार कर आगे बढ़ गए। दूसरी बैरिकेडिंग पर पुलिस ने उन्हें रोक दिया। इसके बाद गोदियाल सड़क पर ही धरने पर बैठ गए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

शुद्धिकरण की घटना पर उठाए सवाल

गोदियाल ने कहा कि हल्द्वानी में खड़गे की सभा के बाद शुद्धिकरण की घटना सामाजिक भेदभाव से जुड़ा गंभीर मामला है। उन्होंने भाजपा से इस मामले में अपनी स्थिति साफ करने की मांग की। उनका कहना था कि राजनीतिक विरोध लोकतंत्र का हिस्सा है, लेकिन किसी व्यक्ति की जाति या सामाजिक पहचान के आधार पर उसके कार्यक्रम को अशुद्ध बताना स्वीकार नहीं किया जा सकता।

राहुल गांधी पर मुकदमे को बताया राजनीतिक कार्रवाई

कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमे को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने कहा कि हल्द्वानी की घटना सामाजिक न्याय व संविधान की मूल भावना से जुड़ा मामला है। चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक विरोध का मामला नहीं रह गया है, बल्कि सामाजिक सम्मान से जुड़ा सवाल है। कांग्रेस ने हल्द्वानी प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने, जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई करने व राहुल गांधी के खिलाफ दर्ज मुकदमा वापस लेने की मांग की।
dehradun-congress-secretariat-march-rahul-gandhi-fir-haldwani-controversy-protest (2)

हिरासत में लिए गए नेता-कार्यकर्ता

प्रदर्शन के दौरान कई कार्यकर्ता बैरिकेडिंग पर चढ़ गए। पुलिस ने बाद में कांग्रेस नेताओं व कार्यकर्ताओं को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया। हिरासत में लिए जाने के दौरान भी कार्यकर्ताओं ने विरोध किया।
dehradun-congress-secretariat-march-rahul-gandhi-fir-haldwani-controversy-protest (3)

हरक सिंह रावत की अचानक बिगड़ी तबीयत

सचिवालय कूच के दौरान कांग्रेस चुनाव प्रबंधन समिति के अध्यक्ष व पूर्व कैबिनेट मंत्री हरक सिंह रावत की अचानक तबीयत बिगड़ गई। पुलिस व कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने उन्हें दून अस्पताल पहुंचाया। प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष लाल चंद शर्मा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष ज्योति रौतेला, मुख्य प्रवक्ता गरिमा दसौनी, महानगर अध्यक्ष जसविंदर सिंह गोगी, डा प्रतिमा सिंह, अभिनव थापर समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल रहे।

ये भी पढ़ें  केंद्रीय मंत्री ने धान रोपा, प्राकृतिक खेती पर दिया जोर, छात्रों को बताई रिसर्च की ताकत

Anand Sharma

आनंद शर्मा 30 वर्ष से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं। ‘राष्ट्रीय सहारा’ व ‘हिंदुस्तान’ दैनिक समाचार पत्र में फील्ड रिपोर्टिंग के साथ सम्पादन का काम भी चलता रहा। जिला स्तर पर संवाददाता और ब्यूरो प्रमुख के रूप में लंबे समय तक सक्रिय रहे। इस दौरान विख्यात… More »

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button