Ayodhya

अयोध्या पहुंचे संजय सिंह, CEC का मांगा इस्तीफा, बोले- आजम खान की गिरफ्तारी सरकार की तानाशाही

आप सांसद अपने पैतृक आवास सुल्तानपुर जाते समय एयरपोर्ट पर मीडिया से हुए रूबरू, वोट चोरी व SIR को लेकर बीजेपी पर साधा निशाना, देश में 13 करोड़ 37 लाख लोगों के नाम वोटर लिस्ट से काटने का किया दावा

अनिल निषाद

अयोध्या, 1 नवंबर 2026ः

यूपी के अयोध्या पहुंचे आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर हमला बोला। वे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर मीडिया से रूबरू हुए। इस दौरान उन्होंने वोट चोरी और विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) की प्रक्रिया को लेकर सवाल उठाए। संजय सिंह अपने पैतृक आवास सुल्तानपुर जाने के लिए अयोध्या के एयरपोर्ट पर उतरे थे। वहीं, सपा नेता आजम खान की गिरफ्तारी को लेकर योगी सरकार को घेरा।

बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम पर शुरू हुई थी एसआईआर की प्रक्रिया

संजय सिंह ने दावा किया कि देश में 13 करोड़ 37 लाख लोगों के नाम मतदाता सूची से काटे गए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बांग्लादेशी घुसपैठियों के नाम पर एसआईआर की प्रक्रिया शुरू की गई थी, लेकिन इतनी बड़ी संख्या में मतदाताओं के नाम हटाए जाने के बावजूद केवल 1600 विदेशी नागरिक ही मिले। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि एसआईआर का उद्देश्य विदेशी नागरिकों की पहचान करना था, तो इतनी बड़ी संख्या में भारतीय मतदाताओं के नाम क्यों काटे गए। सीएम योगी के एक करोड़ 27 लाख हिंदुओं के नाम मतदाता सूची से कटने संबंधी बयान पर भी उन्होंने सवाल उठाए।

ये भी पढ़ें:

पश्चिम बंगाल सहित कई राज्यों के चुनाव दोबारा कराने की मांग

आप सांसद ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग करते हुए पश्चिम बंगाल, दिल्ली, बिहार, हरियाणा और महाराष्ट्र के चुनाव दोबारा कराने की मांग उठाई। उन्होंने चुनाव प्रक्रिया की निष्पक्षता पर सवाल उठाते हुए कहा कि मतदाता सूची में नाम काटे जाने का मुद्दा लोकतांत्रिक व्यवस्था से जुड़ा है और इस पर जवाबदेही तय होनी चाहिए। वहीं, समाजवादी पार्टी के नेता आजम खान की गिरफ्तारी को लेकर भी संजय सिंह ने सरकार को घेरा। उन्होंने इस कार्रवाई को तानाशाही बताते हुए सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाए। उत्तर प्रदेश की पहचान को लेकर पूछे गए सवाल पर उन्होंने कहा कि यह भगवान श्रीराम और श्रीकृष्ण की धरती है। ऐसे में उत्तर प्रदेश को रावण की लंका कहना गलत है। एयरपोर्ट पर कार्यकर्ताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।

Advertisement

ये भी पढ़ें  अयोध्या : गर्मी के बीच नगर निगम की पहल... श्रद्धालुओं को ORS, सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट

Anurag Chaturvedi

अनुराग चतुर्वेदी पिछले कई वर्षों से पत्रकारिता, लेखन और संपादन के क्षेत्र में निरंतर सक्रिय हैं। उन्होंने विभिन्न प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हुए खबरों को निष्पक्षता और गहराई के साथ जनता के सामने रखा है।

प्रातिक्रिया दे

आपका ईमेल पता प्रकाशित नहीं किया जाएगा. आवश्यक फ़ील्ड चिह्नित हैं *

Back to top button
Secret Link