AyodhyaUttar Pradesh

अयोध्या : गर्मी के बीच नगर निगम की पहल… श्रद्धालुओं को ORS, सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट

तेज धूप और बढ़ती भीड़ के बीच डायरिया व निर्जलीकरण से बचाव पर फोकस, एक महीने तक चलेगा अभियान, हेल्थ चेकअप कर सफाईकर्मियों को दिए सुरक्षा उपकरण

अनिल निषाद

अयोध्या, 2 मई 2026:

रामनगरी में बढ़ती गर्मी और श्रद्धालुओं की लगातार बढ़ रही आमद को देखते हुए नगर निगम ने स्वास्थ्य व सुरक्षा को लेकर विशेष अभियान शुरू किया है। महापौर ने डायरिया और निर्जलीकरण के खतरे को कम करने के लिए ओआरएस के पैकेट व घोल वितरित किया। वहीं सफाईकर्मियों को सुरक्षा उपकरण दिए।

लता चौक पर लगाए गए शिविर में महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी ने श्रद्धालुओं को ओआरएस पैकेट देकर अभियान की शुरुआत की। स्वास्थ्य विभाग के साथ मिलकर चलाए जा रहे इस अभियान में सैकड़ों लोगों को मौके पर ही ओआरएस घोल पिलाया गया, साथ ही इसके इस्तेमाल और फायदे भी समझाए गए।

Ayodhya Relief ORS for Devotees and Safety Kits (1)

महापौर ने कहा कि नगर निगम की जिम्मेदारी सिर्फ सफाई और पेयजल तक सीमित नहीं है, बल्कि बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं की सेहत का ख्याल रखना भी प्राथमिकता में है। इसी को ध्यान में रखते हुए यह अभियान पूरे महीने चलाया जाएगा। इस दौरान पार्षद अनुज दास, रीशू पांडेय, नगर स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. आरएम शुक्ल, मुख्य सफाई निरीक्षक राजेश झा मौजूद रहे।

दूसरी तरफ नगर निगम ने सफाई कर्मियों की सुरक्षा को लेकर भी कदम बढ़ाया है। कौशलपुरी कॉलोनी में आयोजित कार्यक्रम में 50 सफाई कर्मियों को सुरक्षा किट बांटी गई। किट में हेलमेट, जूते, एप्रन, ग्लव्स और मास्क शामिल हैं।

महापौर ने कहा कि सभी सफाई कर्मी ड्यूटी के दौरान सुरक्षा किट जरूर पहनें और काम में लापरवाही न करें। शिविर में 200 से ज्यादा सफाई कर्मियों का हेल्थ चेकअप भी किया गया, जिन्हें जरूरत के मुताबिक दवाएं दी गईं।

READ MORE

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button