
राजकिशोर तिवारी
ऊधमसिंह नगर, 16 अगस्त 2026ः
उत्तराखंड के ऊधमसिंह नगर के बाजपुर क्षेत्र में स्थित श्रीराम जानकी मंडप में रविवार को उत्तरांचल आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के 12वें प्रदेश अधिवेशन का आयोजन हुआ। इसमें महिला सशक्तिकरण एवं बाल विकास मंत्री रेखा आर्या मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचीं। मंत्री ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को जल्द मानदेय बढ़ोतरी की सौगात मिल सकती है। प्रदेश सरकार इसके लिए प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के आर्थिक और सामाजिक सशक्तिकरण के लिए लगातार कदम उठाए जा रहे हैं।
मंत्री रेखा आर्या ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की वर्षों से चली आ रही मांगों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि पदोन्नति की मांग को सरकार ने गंभीरता से लिया है। इसी दिशा में पदोन्नति के माध्यम से उन्हें सुपरवाइजर बनाए जाने की प्रक्रिया शुरू की जा चुकी है। इससे आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को बेहतर सेवा अवसर मिलने के साथ उनकी जिम्मेदारियों और पद में भी उन्नति का मार्ग प्रशस्त होगा।
कैबिनेट मंत्री ने कहा कि सरकार आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की सेवानिवृत्ति के बाद की आर्थिक सुरक्षा को लेकर भी संवेदनशील है। सेवानिवृत्ति के समय मिलने वाली एकमुश्त धनराशि में बढ़ोतरी की दिशा में कार्य किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को पेंशन का लाभ देने की मांग पर भी सरकार गंभीरता से काम कर रही है। रेखा आर्या ने उम्मीद जताई कि वर्ष 2026 में पेंशन के संबंध में अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।

अधिवेशन में संघ के प्रतिनिधियों ने आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं की विभिन्न समस्याओं और मांगों को मंत्री के समक्ष रखा। रेखा आर्या ने सभी विषयों को गंभीरता से सुना और कहा कि जिन मांगों का समाधान संभव है, उनके निराकरण के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। इस अवसर पर भारतीय मजदूर संघ की अखिल भारतीय मंत्री अंजलि पटेल, क्षेत्र संगठन मंत्री अनुपम, मजदूर संघ के प्रदेश अध्यक्ष उमेश जोशी, महामंत्री सुमित सिंघल, राज्य मंत्री मनजीत सिंह, भगवती बिष्ट, रेणु खोलिया सहित संघ के पदाधिकारी मौजूद रहे।






