
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 10 अगस्त 2026ः
उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में भारी बारिश ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है। चंद्रमणि स्थित देवभूमि एंक्लेव में कई घरों के अंदर पानी घुस गया, जबकि कारगी चांदचक क्षेत्र में एक मकान गिरने से हड़कंप मच गया। हालांकि किसी जनहानि की पुष्टि नहीं हुई है। लगातार बारिश और जलभराव के बीच देहरादून में फ्लड का ऑरेंज अलर्ट जारी होने से लोगों की परेशानी बढ़ गई है।

चंद्रमणि देवभूमि एंक्लेव में जंगल की तरफ से तेज बहाव के साथ आए बारिश के पानी ने रिहायशी इलाके में देखते ही देखते कई घरों को अपनी चपेट में ले लिया। घरों में पानी भरने से अंदर रखे सामान को भारी नुकसान पहुंचा है। पानी का बहाव इतना तेज था कि कुछ ही देर में पूरा इलाका जलमग्न हो गया। लोगों ने प्रशासन से तत्काल पानी की निकासी कराने और प्रभावित परिवारों को राहत देने की मांग की है।
कई स्थानों पर सड़कें जलमग्न होने से लोगों को आवाजाही में परेशानी का सामना करना पड़ा। स्थानीय लोगों का कहना है कि जल निकासी की पर्याप्त व्यवस्था न होने से हर बार बारिश में उन्हें परेशानी से जूझना पड़ता है। कारगी चांदचक क्षेत्र में बारिश के बीच एक मकान गिरने की खबर मिलते ही मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई और इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे में किसी के हताहत होने की पुष्टि नहीं हुई है। प्रशासन की टीमों की नजर स्थिति पर बनी हुई है।

बारिश के बीच देहरादून में फ्लड को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। कालसी-विकासनगर समेत कई इलाकों में बाढ़ का खतरा बताया गया है। सेलाकुई, कोटी और राजपुर जैसे क्षेत्रों में भी विशेष सतर्कता बरतने की चेतावनी दी गई है। प्रशासन ने लोगों से नदी-नालों और बरसाती गदेरों के आसपास नहीं जाने की अपील की है। एसपी सिटी प्रमोद कुमार ने बताया कि मानसून को लेकर पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है। लो-लाइंग एरिया और जलभराव वाले क्षेत्रों में लगातार निगरानी बनी हुई है। कई लोगों का रेस्क्यू भी किया गया है।

सचिव आपदा प्रबंधन विनोद कुमार सुमन ने बताया कि आपदा प्रबंधन विभाग सतर्क है। अब तक प्रदेश में 1700 से ज्यादा बंद सड़कें खोली जा चुकी हैं। प्रशासन ने सैटेलाइट इमेजरी से पिथौरागढ़, चमोली और उत्तरकाशी के संवेदनशील इलाके चिह्नित किए हैं। उन्होंने लोगों से अपील की है कि एडवाइजरी का पालन करें। बरसात के समय ट्रेवल न करें। गदेरे और फिसलन वाली जगहों से बचें।






