India vs Pakistan U19 ODI : अर्जुन के शतक पर भारी पड़ा हमजा का तूफान, भारत को पाकिस्तान से मिली हार
U19 Asia Cup 2026 : अर्जुन राजपूत ने 107 रन की पारी खेलकर भारत को 208 तक पहुंचाया, हमजा जहूर के शतक ने पलटा मैच, सात विकेट खोकर पाकिस्तान ने हासिल किया लक्ष्य

स्पोर्ट्स डेस्क, 8 नवंबर 2026:
ओमान में रविवार को अंडर-19 एशिया कप में भारत को पाकिस्तान के हाथों तीन विकेट से हार का सामना करना पड़ा। भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए अर्जुन राजपूत के शानदार शतक की बदौलत 208 रन बनाए। जवाब में पाकिस्तान ने हमजा जहूर की शतकीय पारी के दम पर सात विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। हमजा ने दबाव के बीच बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान को जीत दिलाई।

अर्जुन राजपूत ने अकेले संभाली भारतीय पारी
ओमान के अल अमरत क्रिकेट ग्राउंड में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। कप्तान लक्ष्य राजचंदानी बिना खाता खोले पवेलियन लौट गए। इसके बाद भी भारतीय बल्लेबाज पाकिस्तानी गेंदबाजों के सामने ज्यादा देर टिक नहीं सके। भारत ने 44 रन तक अपने चार विकेट गंवा दिए। आर्यवीर सहवाग ने 22 रन बनाए, जबकि वीके विनीत 8 रन बनाकर आउट हुए। यशवर्धन चौहान का बल्ला भी नहीं चला। विकेटों के लगातार गिरने से भारतीय टीम मुश्किल में पहुंच गई।
80 गेंदों में शतक, 107 रन बनाकर लौटे अर्जुन
एक छोर पर विकेट गिरते रहे, लेकिन अर्जुन राजपूत ने आक्रामक बल्लेबाजी जारी रखी। उन्होंने 44 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया। इसके बाद पाकिस्तानी गेंदबाजों पर हमले तेज कर दिए।
अर्जुन ने महज 80 गेंदों में शतक पूरा किया। उनकी पारी में 11 चौके, चार छक्के शामिल रहे। वह 85 गेंदों में 107 रन बनाकर आउट हुए। अर्जुन के अलावा कोई दूसरा भारतीय बल्लेबाज बड़ी पारी नहीं खेल सका। अन्वय द्रविड़ ने 10, मनाल चौहान ने 11, यशवीर गौड़ ने 4, मोहित उल्वा ने 7 रन बनाए। भारतीय पारी 208 रन पर सिमट गई।

भारतीय गेंदबाजों ने पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेला
209 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही। ईशान सूद ने जहांगीर बिलाल को पांच रन पर आउट कर भारत को पहली सफलता दिलाई। इसके बाद मोहित उल्वा ने उस्मान खान को 16 रन के स्कोर पर पवेलियन भेज दिया।
मनल चौहान ने अब्दुल कादिर को 20 रन पर बोल्ड कर पाकिस्तान को तीसरा झटका दिया। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने लगातार विकेट लेकर मैच पर पकड़ बना ली। पाकिस्तान ने 61 रन तक अपने पांच विकेट गंवा दिए थे। फरहान यूसुफ 14 रन बनाकर आउट हुए, जबकि एहमत हुसैन भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। इस समय भारतीय टीम की जीत की उम्मीदें मजबूत हो गई थीं।
हमजा जहूर ने पलट दिया पूरा मैच
पांच विकेट गिरने के बाद हमजा जहूर ने हसनैन अब्बास दार के साथ मोर्चा संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने संभलकर खेलते हुए पाकिस्तान की पारी को आगे बढ़ाया। हमजा ने पहले अपना अर्धशतक पूरा किया, फिर रन बनाने की रफ्तार तेज कर दी।
दोनों के बीच छठे विकेट के लिए 122 गेंदों में 100 रन की साझेदारी हुई। इस दौरान हमजा 65 रन के पार पहुंच गए, जबकि हसनैन ने भी उनका अच्छा साथ दिया। हसनैन अब्बास दार 38 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने हमजा के साथ मिलकर पाकिस्तान को मुश्किल स्थिति से बाहर निकालने में अहम भूमिका निभाई।
सात विकेट गिरने के बाद भी पाकिस्तान ने दर्ज की जीत
हसनैन के आउट होने के बाद भी हमजा जहूर क्रीज पर डटे रहे। पाकिस्तान ने सातवां विकेट मोहम्मद सईम के रूप में गंवाया, लेकिन तब तक टीम जीत के काफी करीब पहुंच चुकी थी। हमजा की शतकीय पारी ने पाकिस्तान को तीन विकेट से जीत दिला दी। भारत की ओर से गेंदबाजों ने शुरुआती विकेट लेकर दबाव बनाया था, लेकिन हमजा की 108 रन की पारी ने मैच का रुख बदल दिया।
A tough result for India U19.
Focus now shifts to Tuesday for their next fixture against UAE U19 in the #MensU19AsiaCup.
Scorecard ▶️ https://t.co/WullKDGgH4 https://t.co/Bl5f0KSFHv
— BCCI (@BCCI) November 8, 2026
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत अंडर-19: लक्ष्य राजचंदानी (कप्तान), आर्यवीर सहवाग, अन्वय द्रविड़ (विकेटकीपर), अर्जुन राजपूत, ईशान सूद, काव्य पटेल, मनाल चौहान, मोहित उल्वा, यशवीर गौड़, वीके विनीत, यशवर्धन चौहान
पाकिस्तान अंडर-19: फरहान यूसुफ (कप्तान), उस्मान खान, जहांगीर बिलाल, अब्दुल कादिर, अहमद हुसैन, अली रजा, हमजा जहूर (विकेटकीपर), हसनैन अब्बास दार, मोहम्मद सईम, निकाब शफीक, रिजवानुल्लाह






