
स्पोर्ट्स डेस्क, 2 नवंबर 2026:
न्यूजीलैंड दौरे पर भारतीय टी20 टीम की जीत को मुख्य कोच गौतम गंभीर ने आगामी वनडे और टेस्ट सीरीज के लिए अहम बताया है। उनका मानना है कि श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम ने मुश्किल हालात में बेहतर प्रदर्शन कर अगले मुकाबलों के लिए अच्छा माहौल बना दिया है। भारत ने पांच मैचों की टी20 सीरीज 3-2 से अपने नाम की। खास बात यह रही कि भारतीय टीम पहले मुकाबले से कुछ दिन पहले ही न्यूजीलैंड पहुंची थी। खिलाड़ियों को तैयारी के लिए महज एक दिन मिला, वहीं सीरीज के बीच आराम का भी ज्यादा मौका नहीं मिला।
ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों की तारीफ
सीरीज के बाद ड्रेसिंग रूम में गौतम गंभीर ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन की सराहना की। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड जैसी मजबूत टीम को उसके घरेलू मैदान पर हराना बड़ी उपलब्धि है। खिलाड़ियों को अपने प्रदर्शन पर गर्व होना चाहिए, क्योंकि सीमित तैयारी के बावजूद उन्होंने सीरीज जीतकर दिखाई।
गंभीर ने यह भी कहा कि टीम की कोशिश आखिरी दो मुकाबले जीतने की थी, लेकिन ऐसा नहीं हो सका। इसके बावजूद खिलाड़ियों ने दौरे के अगले चरण के लिए मजबूत आधार तैयार किया है। अब वनडे और टेस्ट टीम में शामिल खिलाड़ियों को इसी प्रदर्शन से आगे बढ़कर अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी।
वनडे-टेस्ट टीम के सामने अगली चुनौती
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की वनडे सीरीज 4 नवंबर से शुरू होगी। इसके बाद 19 नवंबर से दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली जाएगी। गंभीर ने वनडे और टेस्ट टीम के खिलाड़ियों से टी20 टीम के प्रदर्शन को आगे बढ़ाने की उम्मीद जताई है।
🗣️ 𝙔𝙤𝙪 𝙜𝙪𝙮𝙨 𝙝𝙖𝙫𝙚 𝙨𝙚𝙩 𝙩𝙝𝙚 𝙩𝙤𝙣𝙚 𝙛𝙤𝙧 𝙩𝙝𝙚 𝙧𝙚𝙨𝙩 𝙤𝙛 𝙩𝙝𝙚 𝙩𝙤𝙪𝙧. 👏
🎥 Inside the #TeamIndia dressing room as our Head Coach @GautamGambhir praises a commendable series-winning effort 🙌
🔽 WATCH | #NZvIND
https://t.co/eShVMaPRJa
— BCCI (@BCCI) November 2, 2026
टी20 खिलाड़ियों को फिटनेस पर ध्यान देने की सलाह
गंभीर ने टी20 टीम के खिलाड़ियों को दिसंबर में होने वाली श्रीलंका के खिलाफ घरेलू सीरीज के लिए अपनी फिटनेस बनाए रखने को कहा है। उन्होंने कहा कि टीम को लगातार अपने खेल में सुधार करना होगा। भारतीय खिलाड़ी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पर्याप्त टी20 क्रिकेट नहीं खेल पाते हैं, ऐसे में मिले एक महीने के ब्रेक का इस्तेमाल फिटनेस बनाए रखने के लिए करना जरूरी है।
उन्होंने खिलाड़ियों से कहा कि वे आगामी मुकाबलों के लिए खुद को तैयार रखें। टीम अब एक इकाई के रूप में सोच रही है, एक साथ खेल रही है। इसी तालमेल को आगे भी बनाए रखना होगा।






