IPL 2026 : इकाना में LSG फिर ढेर… राजस्थान रॉयल्स ने 40 रन से किया काम तमाम
शुरुआत में लड़खड़ाने के बाद जडेजा ने संभाली RR की पारी, 159 का स्कोर बना मैच टर्निंग पॉइंट, आर्चर की धारदार गेंदबाजी के आगे ढही LSG, टॉप ऑर्डर फेल होने से मैच हाथ से निकला
लखनऊ, 23 अप्रैल 2026:
इकाना स्टेडियम में लखनऊ सुपर जाएंट्स (LSG) का खराब दौर एक बार फिर उसके हजारों फैंस को मायूस कर गया। राजस्थान रॉयल्स ने एकतरफा मुकाबले में 40 रन से हराकर लखनऊ की घरेलू जमीन पर लगातार सातवीं हार लिख दी। इस नतीजे ने टीम की प्लेऑफ की राह और मुश्किल कर दी है।
टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी राजस्थान की शुरुआत ठीक रही, लेकिन जल्दी ही टीम ने विकेट गंवाने शुरू कर दिए। 32 रन के स्कोर तक यशस्वी जायसवाल, ध्रुव जुरेल और वैभव सूर्यवंशी पवेलियन लौट चुके थे। इसके बाद रियान पराग और शिमरॉन हेटमायर ने पारी को संभालने की कोशिश की।

पराग ने 20 रन बनाए, जबकि हेटमायर ने 22 रन जोड़े। बीच के ओवरों में रन गति ज्यादा तेज नहीं रही, लेकिन आखिरी ओवरों में रवींद्र जडेजा ने मैच का रुख बदल दिया। जडेजा ने 29 गेंदों पर नाबाद 43 रन बनाए और शुभम दुबे के साथ 49 रन की अहम साझेदारी की। इसी साझेदारी ने राजस्थान को 159 रन तक पहुंचाया। लखनऊ की ओर से मोहम्मद शमी, प्रिंस यादव और मोहसिन खान ने दो-दो विकेट लिए, लेकिन आखिरी ओवरों में रन रोकने में टीम नाकाम रही।
160 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लखनऊ की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने सिर्फ 11 रन पर तीन विकेट गंवा दिए। आयुष बडोनी, ऋषभ पंत और एडेन मार्करम बिना खाता खोले आउट हो गए। इस झटके से टीम कभी उबर नहीं सकी। मिचेल मार्श ने जरूर संघर्ष किया और 41 गेंदों में 55 रन बनाए। निकोलस पूरन ने 22 रन का योगदान दिया, जबकि हिम्मत सिंह ने 15 रन जोड़े। लेकिन इनके अलावा कोई बल्लेबाज क्रीज पर टिक नहीं पाया।

राजस्थान की तरफ से जॉफ्रा आर्चर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट लिए। नांद्रे बर्गर और बृजेश शर्मा को दो-दो सफलता मिली। लखनऊ की पूरी टीम 18 ओवर में 119 रन पर सिमट गई। इस हार के साथ लखनऊ सात मैच में पांचवीं हार झेलकर नौवें स्थान पर खिसक गई है। टीम का नेट रन रेट भी गिरकर -1.277 हो गया है।
वहीं, राजस्थान रॉयल्स ने इस जीत के साथ अंक तालिका में बड़ा उछाल लिया है। सात मैच में पांच जीत के साथ टीम के 10 अंक हो गए हैं और वह दूसरे स्थान पर पहुंच गई है। पंजाब किंग्स शीर्ष पर कायम है, जबकि आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद भी रेस में बने हुए हैं।






