राष्ट्रपति के दौरे को लेकर तैयारियां तेज, डीएम बोले- किसी भी स्तर पर चूक हुई तो नपेंगे अधिकारी
अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की, सभी व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने के दिए निर्देश, द्रौपदी मुर्मू का एक व दो नवंबर को उत्तराखंड दौरा प्रस्तावित
राजकिशोर तिवारी
देहरादून, 27 अक्तूबर 2026ः
राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के एक और दो नवंबर को प्रस्तावित उत्तराखंड दौरे को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसके तहत सुरक्षा से लेकर स्वास्थ्य सेवाओं, निर्बाध बिजली एवं पेयजल आपूर्ति और साफ-सफाई तक की सभी व्यवस्थाओं को समय से दुरुस्त करने के लिए अधिकारियों को निर्देश दिए गए। डीएम डॉ. आशीष चौहान ने मंगलवार को अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें। उन्होंने अधिकारियों को सतर्क रहने व अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने को कहा। साथ ही तैयारियों की नियमित निगरानी करने के निर्देश भी दिए। डीएम ने कहा कि राष्ट्रपति के भ्रमण कार्यक्रम के दौरान किसी भी स्तर पर लापरवाही हुई तो अधिकारी नपेंगे।
आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार रहें स्वास्थ्य विभाग
डीएम ने स्वास्थ्य विभाग को आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए पर्याप्त एंबुलेंस और आवश्यक चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध रखने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि भ्रमण के दौरान जरूरत पड़ने पर तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए सभी जरूरी संसाधन तैयार रहने चाहिए।
बिजली-पानी और सफाई पर विशेष जोर
उन्होंने बिजली और पेयजल विभाग को भ्रमण के दौरान निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने अधिकारियों से व्यवस्थाओं की पहले ही जांच करने और किसी भी संभावित व्यवधान से निपटने के लिए वैकल्पिक तैयारी रखने को कहा। नगर निकाय और संबंधित विभागों को राष्ट्रपति के भ्रमण मार्गों व कार्यक्रम से जुड़े स्थलों पर विशेष साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। डीएम ने कहा कि सभी विभाग समयसीमा के भीतर तैयारियां पूरी करें और कार्यक्रम संपन्न होने तक व्यवस्थाओं पर लगातार नजर बनाए रखें। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।






