Uttar Pradesh

ब्रेक फेल ट्रक ने मचाई तबाही…कई वाहन टकराए, बोलेरो में लगी आग, 11 लोग जिंदा जले

ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ पर आपस के भिड़ गए चार वाहन, आग में फंसे लोग नहीं निकल सके मृतकों में महिलाएं, बच्चे भी शामिल, मुंडन संस्कार के बाद मैहर दर्शन कर घर लौट रहा था परिवार, सीएम योगी ने शोक जताया

कमलेश कुमार

मिर्जापुर, 23 अप्रैल 2026:

रीवा-मिर्जापुर हाईवे पर ड्रमंडगंज घाटी के बड़का मोड़ पर बुधवार रात करीब आठ बजे बड़ा सड़क हादसा हुआ। ब्रेक फेल होने से एक ट्रक ने आगे चल रही गाड़ियों को टक्कर मार दी, जिसके बाद ट्रेलर, कार और बोलेरो आपस में भिड़ गए। टक्कर के बाद बोलेरो में आग लग गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए।

हादसे में 11 लोगों की मौत की पुष्टि हुई है। स्विफ्ट कार चालक जय प्रकाश (26) निवासी परसिया दुबे, राबर्ट्सगंज, सोनभद्र की भी जान चली गई। ट्रक चालक की भी मौत हुई है। बताया गया कि बोलेरो सवार लोग एक परिवार के सदस्य व रिश्तेदार थे जो मुंडन संस्कार के बाद मैहर दर्शन कर घर लौट रहे थे। सड़क हादसे पर सीएम योगी ने गहरा शोक जताया है।

जानकारी के मुताबिक घाटी में गिट्टी लदा ट्रेलर उतर रहा था। उसके पीछे स्विफ्ट कार चल रही थी। कार के पीछे दाल लदा ट्रक और उसके पीछे बोलेरो थी। इसी दौरान ट्रक का ब्रेक फेल हो गया। ट्रक ने पहले स्विफ्ट कार को टक्कर मारी, जिससे कार आगे ट्रेलर में जा भिड़ी। पीछे आ रही बोलेरो भी ट्रक से टकरा गई और उसमें आग लग गई।

WhatsApp Image 2026-04-23 at 8.15.44 AM

आग इतनी तेज थी कि बोलेरो सवार लोगों को बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। स्थानीय लोगों ने बचाने की कोशिश की, लेकिन लपटों के चलते करीब जाना मुश्किल हो गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस और फायर ब्रिगेड मौके पर पहुंची। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। घटना की सूचना मिलते ही ड्रमंडगंज, हलिया समेत आसपास के थानों की पुलिस मौके पर पहुंच गई। राहत और बचाव का काम देर रात तक चलता रहा।

पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के मुताबिक हादसे में शामिल चारों वाहनों की पहचान कर ली गई है। एक ट्रक बिहार का है, दूसरा मध्य प्रदेश का, कार सोनभद्र की है और बोलेरो मिर्जापुर की बताई जा रही है।

मौके पर पहुंचे स्थानीय निवासी विमलेश ने बताया कि आग लगते ही लोग मदद के लिए दौड़े, लेकिन लपटें इतनी तेज थीं कि अंदर फंसे लोगों तक पहुंचना संभव नहीं हो सका। फायर ब्रिगेड को सूचना दी गई, मगर टीम के पहुंचने में देरी की बात भी सामने आई है।

इस सड़क हादसे में जान गंवाने वाले 11 लोगों की पहचान सुबह तक हो गई है। हादसे में प्रियंका सिंह (42) पत्नी कमलेश सिंह निवासी सतना, कार्तिकेय सिंह (करीब 18-19) पुत्र कमलेश सिंह निवासी सतना, पियूष सिंह (14) पुत्र प्रदीप कुमार निवासी जिगना, पंकज सिंह (40) पुत्र स्व. रामचंद्र सिंह निवासी जिगना, बीना सिंह (47) पत्नी प्रदीप सिंह निवासी जिगना, वंदना सिंह (43) पत्नी अरुण सिंह निवासी जिगना, शिवा सिंह (48) पुत्र अरुण सिंह निवासी जिगना, सोनम सिंह (19) पुत्री प्रदीप कुमार निवासी जिगना, विष्णु सिंह (45) पुत्र ठिनकू सिंह निवासी रामपुर, विकास शर्मा (32) पुत्र ओमकार शर्मा निवासी नेया खेड़ा सागर मध्य प्रदेश और जय प्रकाश (28) पुत्र मुन्नर निवासी भटियागांव की मौत हुई है। सभी लोग मुंडन संस्कार के बाद मैहर दर्शन कर लौट रहे थे।

READ MORE 

ये भी पढ़ें  दूल्हा घोड़ी चढ़ा ही था कि अचानक पहुंचे दबंग, जो किया देख बाराती भी रह गए दंग, वीडियो वायरल

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button