UP Weather: फिर बदलेगा मिजाज, 9 अक्टूबर तक बारिश-आंधी का अलर्ट, फिर सर्दी की दस्तक
कल और 8 अक्टूबर को कई जिलों में आकाशीय बिजली का खतरा, 50-60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से चल सकती है तेज हवा, 11 अक्टूबर से फिर शुष्क होगा मौसम

लखनऊ, 6 अक्टूबर 2026:
उत्तर प्रदेश में अगले कुछ दिनों तक मौसम का मिजाज बदलता नजर आएगा। प्रदेश के कई हिस्सों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश और बौछारों का दौर देखने को मिल सकता है। मौसम विभाग ने 7 और 8 अक्टूबर को खास सतर्कता बरतने की सलाह दी है। इन दोनों दिनों में कई इलाकों में आकाशीय बिजली गिरने की आशंका है।कुछ स्थानों पर तेज आंधी भी चल सकती है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, मेरठ, गौतमबुद्ध नगर, अलीगढ़, गाजियाबाद, मुरादाबाद, आगरा, मथुरा, कानपुर, पीलीभीत, बहराइच, बलरामपुर, अंबेडकर नगर, वाराणसी, चंदौली, सोनभद्र, मिर्जापुर, शाहजहांपुर, रामपुर, उन्नाव, प्रयागराज, गोरखपुर, देवरिया, आजमगढ़ और मैनपुरी समेत कई जिलों में मौसम खराब रहने के आसार हैं। इस दौरान 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं।
तापमान में आएगी 3 से 5 डिग्री की गिरावट
मौसम में बदलाव का सीधा असर तापमान पर भी पड़ेगा। अगले चार दिनों में प्रदेश के कई हिस्सों में दिन के अधिकतम तापमान में करीब 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है। इससे दिन में पड़ रही गर्मी से लोगों को राहत मिलेगी। हालांकि यह राहत स्थायी नहीं होगी। इसके बाद अधिकतम तापमान में फिर 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। रात के न्यूनतम तापमान में अगले करीब सात दिनों तक बड़े बदलाव के आसार नहीं हैं।
9 अक्टूबर के बाद राहत, 11 से मौसम साफ
7 से 9 अक्टूबर के बीच प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में बारिश और बौछारों का सिलसिला जारी रह सकता है। 10 अक्टूबर को कुछ स्थानों पर बहुत हल्की छिटपुट बारिश हो सकती है। इसके बाद 11 अक्टूबर से प्रदेश में मौसम के पूरी तरह शुष्क और साफ होने की संभावना है।
आंधी-पानी को लेकर जरूरी सावधानी
मौसम विभाग ने तेज हवाओं और बिजली चमकने के दौरान लोगों से पेड़ों के नीचे खड़े न होने और बिजली के उपकरणों के इस्तेमाल में सावधानी बरतने की अपील की है। किसानों को कटी हुई फसल सुरक्षित स्थान पर रखने और खेतों में पानी की निकासी की समुचित व्यवस्था करने की सलाह दी गई है।






