BJP प्रत्याशी दिनेश आर्य ने राज्यसभा के लिए भरा नामांकन, धामी की पूरी टीम रही साथ
विधानसभा परिसर में नामांकन के दौरान राजनीतिक गतिविधियां रहीं तेज, सीएम व भाजपा नेताओं ने दीं शुभकामनाएं, उत्तराखंड राज्यसभा की एक सीट पर हो रहा चुनाव, हल्द्वानी से है संबंध, नैनीताल भाजपा के जिलाध्यक्ष रह चुके

योगेंद्र मलिक
देहरादून, 6 अक्टूबर 2026 ः
उत्तराखंड राज्यसभा की एक सीट के लिए भाजपा प्रत्याशी दिनेश आर्य ने मंगलवार को देहरादून में विधानसभा भवन में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन के अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के साथ पार्टी के अन्य नेता भी मौजूद रहे। सीएम ने दिनेश आर्य को नामांकन के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल राजनीतिक भविष्य की कामना की। नामांकन के दौरान विधानसभा परिसर में भाजपा नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी रही।
भाजपा नेताओं ने दिनेश आर्य के नामांकन को संगठन के लिए महत्वपूर्ण बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं। सीएम धामी ने कहा कि दिनेश आर्य को राज्यसभा प्रत्याशी बनाए जाने से पार्टी के संगठनात्मक प्रयासों को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि वे राज्य के हितों और जनभावनाओं को उच्च सदन में प्रभावी ढंग से उठाएंगे। नामांकन प्रक्रिया के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेताओं और जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी ने पार्टी की एकजुटता का संदेश दिया। विधानसभा परिसर में इस दौरान राजनीतिक गतिविधियां तेज रहीं। इस अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत,भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद महेंद्र भट्ट समेत प्रदेश सरकार के मंत्री, सांसद और विधायक मौजूद रहे।
दिनेश आर्य हल्द्वानी से ताल्लुक रखते हैं। वे मौजूदा समय में राज्य स्तरीय पेयजल अनुश्रवण परिषद के उपाध्यक्ष भी हैं। आर्य नैनीताल भाजपा के जिलाध्यक्ष भी रह चुके हैं। गौरतलब है कि कई बड़े नेता राज्यसभा की दौड़ में शामिल थे, लेकिन भाजपा नेतृत्व ने कुमाऊं के पार्टी नेता दिनेश आर्य पर भरोसा जताया। उत्तराखंड में राज्यसभा की एक सीट के लिए द्विवार्षिक चुनाव होना है। बता दें कि यूपी की 10 और उत्तराखंड की एक सीट पर मौजूदा सदस्यों का कार्यकाल 25 नवंबर को समाप्त हो रहा है।






