लखनऊ, 29 मई 2026:
बंगलूरू से दिल्ली जा रही एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब सफर के दौरान एक 80 वर्षीय बुजुर्ग यात्री की अचानक तबीयत बिगड़ गई। यात्री को दिल का दौरा पड़ने के बाद पायलट ने तुरंत मेडिकल इमरजेंसी घोषित की और विमान को लखनऊ एयरपोर्ट की तरफ डायवर्ट कर दिया।
दरअसल एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या एआई 2418 ने बंगलूरू से शाम 5:25 बजे उड़ान भरी थी और इसे रात 8:25 बजे दिल्ली पहुंचना था। फ्लाइट पर 128 यात्री सवार थे। हजारों फीट की ऊंचाई पर उड़ान के दौरान एक बुजुर्ग यात्री की हालत अचानक खराब हो गई। क्रू मेंबर्स ने प्राथमिक मदद देने की कोशिश की, लेकिन हालत गंभीर होने पर पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल को सूचना दी।
एटीसी की तरफ से तुरंत लखनऊ एयरपोर्ट पर मेडिकल इमरजेंसी घोषित की गई। एयरपोर्ट प्रशासन ने रनवे के पास ही डॉक्टरों की टीम और एम्बुलेंस तैनात कर दी। रात करीब सवा दस बजे विमान लखनऊ एयरपोर्ट पर उतरा, जिसके बाद मेडिकल टीम ने बुजुर्ग यात्री का इलाज शुरू किया। समय पर इलाज मिलने से उनकी हालत में सुधार बताया गया है। फिलहाल इमरजेंसी लैंडिंग के बाद 11 यात्री लखनऊ एयरपोर्ट पर ही उतर गए, जबकि मेडिकल प्रक्रिया पूरी होने के बाद विमान को दिल्ली के लिए रवाना कर दिया गया।






