एंटरटेनमेंट डेस्क, 23 फरवरी 2026:
लंदन में आयोजित 79वें ब्रिटिश एकेडमी ऑफ फ़िल्म एंड टेलीविजन आर्ट्स अवार्ड्स ( BAFTA) Awards समारोह में भारतीय सिनेमा के दिग्गज अभिनेता Dharmendra को भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम के इन मेमोरियम सेगमेंट में दुनिया भर के उन कलाकारों को याद किया गया, जिन्होंने पिछले वर्ष इस दुनिया को अलविदा कहा। जैसे ही धर्मेंद्र का नाम और उनकी झलकियां स्क्रीन पर दिखाई गईं, वहां मौजूद दर्शक भावुक हो उठे।
यह समारोह लंदन के प्रतिष्ठित Royal Festival Hall में आयोजित हुआ, जहां संगीत के साथ तैयार किए गए खास ट्रिब्यूट ने भारतीय प्रशंसकों के लिए इस पल को बेहद खास बना दिया। अंतरराष्ट्रीय मंच पर धर्मेंद्र को मिली यह श्रद्धांजलि भारतीय सिनेमा के वैश्विक सम्मान का प्रतीक मानी जा रही है।
इस बार बाफ्टा अवॉर्ड्स भारत के लिए खुशखबरी भी लेकर आए। मणिपुरी फिल्म बूंग ने चिल्ड्रन्स एंड फैमिली फिल्म कैटेगरी में सर्वश्रेष्ठ फिल्म का पुरस्कार जीतकर देश का नाम रोशन किया। फिल्म का निर्माण Farhan Akhtar ने किया है, जबकि निर्देशन लक्ष्मीप्रिया देवी ने संभाला।
बूंग ने कड़ी प्रतिस्पर्धा में फ्रेंच फिल्म आर्को, हॉलीवुड की साइंस फिक्शन कॉमेडी लिलो एंड स्टिच और जूटोपिया 2 जैसी फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए यह सम्मान हासिल किया। समारोह में हॉलीवुड फिल्मों का भी जोरदार प्रदर्शन देखने को मिला। लियोनार्डो डिकैप्रियो की एक्शन थ्रिलर वन बैटल आफ्टर अनदर ने सर्वश्रेष्ठ फिल्म समेत छह पुरस्कार अपने नाम किए। वहीं अमेरिकन फिल्म सिनर्स और हॉरर ड्रामा फ्रैंकस्टीन को तीन तीन अवॉर्ड मिले। अभिनय श्रेणी में जेसी बकले को फिल्म हैमनेट के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेत्री और रॉबर्ट आरामयो को ब्रिटिश इंडी फिल्म आई स्वियर के लिए सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्कार दिया गया।





