Barabanki City

बाराबंकी: महाविद्यालय मैनेजर अफेयर के जाल में उलझे…महिला शिक्षक व प्रेमी ने वसूले 14 लाख

अफेयर के नाम पर फंसाने और वीडियो वायरल करने की धमकी देने का आरोप, तीन साल में कई बार पैसे लेने की बात, दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज

बाराबंकी, 9 अप्रैल 2026:

असन्द्रा स्थित महाविद्यालय के मैनेजर ने ब्लैकमेल कर 14 लाख वसूलने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई है। केस में कॉलेज की महिला टीचर और उसके प्रेमी को नामजद किया गया है। मैनेजर का आरोप है कि उसे अफेयर के जाल में उलझाया गया फिर फोटो वीडियो वायरल करने की धमकी दी गई।

असन्द्रा शेषपुर दामोदर गांव के रहने वाले आलोक पाण्डेय का आरोप कि उनके कॉलेज में काम करने वाली एक महिला टीचर पिछले कुछ समय से उन्हें अपने प्रेम जाल में फंसाने की कोशिश कर रही थी। जब उन्होंने दूरी बनाए रखी तो आरोप है कि महिला ने अफेयर का दबाव बनाकर उन्हें ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया। इसमें जैदपुर निवासी उसके प्रेमी आशीष ने भी साथ दिया।

आलोक का कहना है कि उनकी जानकारी के बिना फोटो और वीडियो बना लिए गए और उन्हें वायरल करने की धमकी दी गई। इसके बाद महिला ने अपने एक साथी के साथ मिलकर केस में फंसाने का डर दिखाकर पैसे मांगने शुरू कर दिए।

शिकायत में बताया गया है कि पिछले करीब तीन साल में अलग-अलग समय पर उनसे करीब 14 लाख 39 हजार रुपये लिए गए। यह रकम कॉलेज के बैंक खाते से ऑनलाइन ट्रांसफर की गई। पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि 8 अप्रैल को फिर से दो लाख रुपये की मांग की गई। डर के कारण उन्होंने 10 हजार रुपये नकद दे दिए, लेकिन बाकी रकम के लिए दबाव बनाया जाता रहा।

पैसे न देने पर फोटो और वीडियो वायरल करने और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर महिला और उसके साथी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। मामले में आगे की जांच की जा रही है।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button