Barabanki City

बाराबंकी में बुजुर्ग दंपती की दर्दनाक मौत : जहरीला पदार्थ खाने से गई जान… जानें क्यों रहते थे बेटे से अलग

रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र में हुई घटना, तेज उल्टियां शुरू होने पर ग्रामीणों ने पहुंचाया अस्पताल, उपचार के दौरान दोनों ने तोड़ा दम, घटना की वजह जानने में जुटी पुलिस

बाराबंकी, 18 फरवरी 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ से सटे बाराबंकी जिले से एक दिलदहला देने वाली घटना सामने आई है। रामसनेहीघाट कोतवाली क्षेत्र के सधवापुर मजरे इब्राहिमाबाद गांव में बुजुर्ग दंपती ने जहरीला पदार्थ खाकर जान दे दी। इस घटना से पूरे इलाके में शोक और सन्नाटा पसरा हुआ है।

मृतकों की पहचान 65 वर्षीय गणेश और उनकी 60 वर्षीय पत्नी कलावती के रूप में हुई है। बताया गया कि मंगलवार शाम दोनों की अचानक तबीयत बिगड़ गई और तेज उल्टियां शुरू हो गईं। ग्रामीणों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां हालत गंभीर देखते हुए चिकित्सकों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान गणेश की मौत हो गई जबकि कलावती को बेहतर उपचार के लिए लखनऊ भेजा गया जहां उन्होंने भी दम तोड़ दिया।

परिजनों के अनुसार दंपती अपने इकलौते बेटे पवन कुमार से अलग पड़ोस में ही रहते थे। वे खुद ही खाना बनाकर जीवनयापन करते थे। घटना के वक्त बेटा रोजगार के सिलसिले में बाहर गया हुआ था। बहू खेत पर काम कर रही थी और बच्चे स्कूल में थे। प्रारंभिक तौर पर किसी पारिवारिक कलह या घरेलू परेशानी के चलते यह कदम उठाने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि स्पष्ट कारण सामने नहीं आ सका है।

स्थानीय लोगों में चर्चा है कि दंपती ने सल्फास खा लिया जिससे उनकी हालत तेजी से बिगड़ी। पुलिस घटना की जांच कर रही है। कोतवाल जगदीश शुक्ल के मुताबिक मामले की हर पहलू से तफ्तीश की जा रही है। इस हृदयविदारक घटना ने एक बार फिर बुजुर्गों की सामाजिक और पारिवारिक उपेक्षा के सवाल खड़े कर दिए हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button