योगेंद्र मलिक
हरिद्वार, 7 अप्रैल 2026:
चारधाम यात्रा की तैयारियों के बीच हरिद्वार में प्रशासन ने अतिक्रमण के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। मंगलवार को नगर निगम और पुलिस की संयुक्त टीम ने शहर के अलग-अलग हिस्सों में कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे लगे अवैध कब्जों को हटाया।
सीसीआर क्षेत्र के पास सड़क किनारे लगी 50 से ज्यादा रेहड़ी-ठेली और फड़ हटाए गए। इसके बाद टीम ने रोडीबेलवाला से दीनदयाल पार्किंग होते हुए हर की पैड़ी जाने वाले मार्ग पर भी कार्रवाई की। कई जगहों से अस्थायी अतिक्रमण हटाकर रास्ता साफ कराया गया, जिससे आवाजाही आसान हो सके।

अधिकारियों ने मौके पर ही सख्त चेतावनी दी कि इन स्थानों पर दोबारा कब्जा किया गया तो सीधे कानूनी कार्रवाई होगी। सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान ने बताया कि यात्रा के दौरान हरिद्वार में बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में सड़क और पैदल मार्ग पर अतिक्रमण होने से लोगों को दिक्कत होती है, इसी वजह से यह अभियान चलाया गया। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की कोशिश है कि यात्रा के दौरान शहर में किसी को परेशानी न हो। इसके लिए संवेदनशील इलाकों पर लगातार नजर रखी जा रही है और आगे भी इसी तरह कार्रवाई जारी रहेगी।
अभियान के दौरान प्रशासन ने स्थानीय दुकानदारों और लोगों से नियमों का पालन करने और शहर को अतिक्रमण मुक्त रखने में सहयोग की अपील की। कार्रवाई के वक्त सिटी मजिस्ट्रेट कुसुम चौहान, उप नगर आयुक्त दीपक गोस्वामी समेत नगर निगम और पुलिस के अधिकारी मौजूद रहे।






