Lucknow CityNational

बिहार चुनाव : सपा ने बनाए स्टार प्रचारक, अखिलेश के साथ आजम खां और अफजाल अंसारी भी मैदान में

लखनऊ, 24 अक्टूबर 2025:

बिहार विधानसभा चुनाव की तारीखें करीब आते ही सियासी हलचल तेज हो गई है। सभी दल मतदाताओं को लुभाने के लिए पूरी ताकत झोंक रहे हैं। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी (सपा) ने शुक्रवार को अपने स्टार प्रचारकों की सूची जारी की है। सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव और सांसद डिंपल यादव के साथ गत दिनों जेल से बाहर आए पार्टी के वरिष्ठ नेता मोहम्मद आजम खां, अफजाल अंसारी, प्रिया सरोज, इकरा हसन को भी प्रमुख प्रचारक बनाया गया है।

सपा ने स्पष्ट किया है कि वह बिहार में इंडिया गठबंधन के उम्मीदवारों के समर्थन में प्रचार अभियान चलाएगी। पार्टी ने 22 नेताओं की टीम को स्टार प्रचारक नियुक्त किया है, जो राज्यभर में रैलियां और सभाएं करेंगे।

मालूम हो कि बिहार विधानसभा की सभी 243 सीटों पर दो चरणों में मतदान होगा। पहला चरण में 6 नवंबर को 121 सीटों पर और दूसरा चरण में 11 नवंबर को 122 सीटों पर मतदान होगा। वोटों की गिनती 14 नवंबर को होगी।

सपा की प्रचारक सूची में अध्यक्ष अखिलेश यादव, सांसद डिंपल यादव, राष्ट्रीय महासचिव मोहम्मद आजम खां, राष्ट्रीय उपाध्यक्ष किरण नंदा, सांसद अफजाल अंसारी, सांसद अवधेश प्रसाद, सांसद बाबू सिंह कुशवाहा, सांसद नरेश उत्तम पटेल, सांसद रमाशंकर विद्यार्थी राजभर, सांसद लालजी वर्मा, सांसद छोटेलाल खरवार, सांसद राजीव राय, सांसद सनातन पांडेय, सांसद इकरा हसन, सांसद प्रिया सरोज, सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद, विधायक तेज प्रताप सिंह, विधायक ओम प्रकाश सिंह, समाजवादी सांस्कृतिक प्रकोष्ठ राष्ट्रीय अध्यक्ष काशीनाथ यादव और प्रदेश अध्यक्ष धर्मेंद्र सोलंकी (भुर्जी) का नाम शामिल है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button