Lucknow City

अजय राय के बयान पर भड़के BJP MLA के समर्थक, प्रदर्शन के साथ किया पुतला दहन

लखनऊ के सरोजनीनगर क्षेत्र से विधायक राजेश्वर सिंह के बारे में कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष के बयान को जनप्रतिनिधि की छवि धूमिल करने और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करने वाला बताया, कार्रवाई की मांग

लखनऊ, 3 फरवरी 2026:

यूपी कांग्रेस के अध्यक्ष अजय राय के एक बयान को लेकर राजधानी लखनऊ का सरोजनीनगर क्षेत्र मंगलवार को सियासी गरमाहट का केंद्र बन गया। सरोजनीनगर से भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह के समर्थन में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उतर आए। कानपुर रोड स्थित शहीद पथ तिराहा पर जुटे कार्यकर्ताओं ने अजय राय के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और उनके बयान को पूरी तरह निराधार, आपत्तिजनक और राजनीतिक दुर्भावना से प्रेरित बताया।

दरअसल, अजय राय ने एक बयान में भाजपा विधायक राजेश्वर सिंह पर गंभीर आरोप लगाए थे। साथ ही उन्होंने प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि ईडी का इस्तेमाल लोगों को डराने के लिए किया जा रहा है। उन्होंने राजेश्वर सिंह की पूर्व सेवाओं से जुड़ी एजेंसी को लेकर बिना ठोस प्रमाण के टिप्पणी की थी। इन बयानों से आक्रोशित भाजपा नेताओं और समर्थकों ने इसे एक जनप्रतिनिधि की छवि धूमिल करने और संवैधानिक संस्थाओं का अपमान करार दिया।

प्रदर्शनकारियों का कहना था कि राजेश्वर सिंह के कार्यकाल में बड़े आर्थिक अपराधों, माफिया नेटवर्क और भ्रष्टाचार के मामलों पर प्रभावी कार्रवाई हुई है। ऐसे में अपराधियों और उनके राजनीतिक संरक्षकों की असहजता स्वाभाविक है। भाजपा नेताओं ने आरोप लगाया कि विधायक की ईमानदार छवि और बढ़ते जनसमर्थन से घबराकर कांग्रेस नेतृत्व तथ्यहीन आरोपों का सहारा ले रहा है।

प्रदर्शन के दौरान शिव शंकर सिंह उर्फ शंकरी ने अजय राय की भाषा को घृणित और लोकतांत्रिक मर्यादाओं के खिलाफ बताया। आक्रोश के प्रतीक के रूप में कार्यकर्ताओं ने अजय राय का प्रतीकात्मक पुतला दहन किया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। प्रदर्शन के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने एसीपी सरोजनीनगर को शिकायती पत्र सौंपकर अजय राय के खिलाफ केस दर्ज करने की मांग की। पुलिस पूरे मामले पर सतर्क नजर बनाए हुए है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button