एमएम खान
मोहनलालगंज (लखनऊ), 30 मार्च 2026:
आगामी चुनाव को देखते हुए भाजपा ने राजधानी लखनऊ में संगठन को डिजिटल तौर पर मजबूत करने की कवायद तेज कर दी है। पार्टी बूथ स्तर तक सोशल मीडिया नेटवर्क को सक्रिय करने में जुटी है, ताकि चुनाव के दौरान संदेश तेजी से लोगों तक पहुंचे। इसी कड़ी में निगोहां क्षेत्र में दो दिन की कार्यशाला लगी। विधायक अमरेश रावत ने सभी को अभियान का मकसद बताया।
निगोहां मंडल में पंडित दीनदयाल उपाध्याय प्रशिक्षण महाअभियान के तहत कार्यकर्ताओं को ट्रेनिंग दी जा रही है। इसमें बूथ और मंडल स्तर के कार्यकर्ताओं को फेसबुक, ट्विटर, इंस्टाग्राम और व्हाट्सएप जैसे प्लेटफॉर्म पर प्रभावी तरीके से काम करने की जानकारी दी जा रही है। दो दिवसीय कार्यशाला में बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने हिस्सा लिया। यहां डिजिटल कैंपेनिंग के तरीके समझाए गए, साथ ही यह भी बताया गया कि किस तरह सोशल मीडिया के जरिए सरकार की योजनाओं को लोगों तक पहुंचाया जाए और विपक्ष के सवालों का जवाब दिया जाए।

मोहनलालगंज विधायक अमरेश रावत ने कहा कि आने वाले चुनाव में सोशल मीडिया की भूमिका और बढ़ने वाली है, ऐसे में कार्यकर्ताओं का तकनीकी रूप से तैयार होना जरूरी है। पंडित दीनदयाल उपाध्याय, डॉ श्यामा प्रसाद मुखर्जी और भीमराव आंबेडकर के सपनों को जमीन पर उतारने का काम भाजपा कर रही है, जिसमें अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास पहुंचाना शामिल है।

कार्यक्रम में जिला महामंत्री अंकित गुप्ता, जिला मीडिया संयोजक अंकित सिंह चंदेल, जिला उपाध्यक्ष हंसराज रावत, कार्यक्रम प्रभारी रामलाल वर्मा, बीकेटी सहकारी ग्राम विकास बैंक के अध्यक्ष दिवाकर सिंह चौहान, जिला मंत्री रविराज लोधी, विधानसभा संयोजक मुकेश शर्मा, शिवसहाय सिंह, मंडल अध्यक्ष ललित सिंह समेत कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।






