National

बीजेपी मुखिया पंकज चौधरी ने गिनाईं बजट की खूबियां, कहा…सुरक्षित हुईं भावी पीढियां

मीडिया से रूबरू हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा बजट पीएम मोदी का विजन डॉक्यूमेंट, आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य पूरा होगा

लखनऊ, 3 फरवरी 2026:

भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने राजधानी लखनऊ में आयोजित प्रेस वार्ता में केंद्र सरकार द्वारा दो दिन पूर्व पेश किए गए बजट को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का विजन डॉक्यूमेंट बताया। उन्होंने कहा कि यह बजट न केवल आज की जरूरतों को ध्यान में रखकर बनाया गया है, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के भविष्य को भी सुरक्षित करता है।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि बजट में देश की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने, विकास को गति देने और रोजगार के नए अवसर सृजित करने पर पूरा ध्यान दिया गया है। बीते 11 वर्षों में केंद्र सरकार के हर बजट में आम जनता की सुविधाओं और समावेशी विकास को प्राथमिकता दी गई है। उन्होंने कहा कि यह बजट आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल करने का ब्लू प्रिंट है। मैन्युफैक्चरिंग सेक्टर में आयात पर निर्भरता कम करने के लिए कई रणनीतिक क्षेत्रों को बढ़ावा दिया गया है, ताकि 2047 के भारत को पूरी तरह तैयार किया जा सके।

इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर जोर, टूरिज्म सेक्टर को मिलेगी नई पहचान

बजट में इंफ्रास्ट्रक्चर को मजबूती देने पर खास ध्यान दिया गया है। देश के पूर्वी छोर से पश्चिमी छोर तक डेडीकेटेड कॉरिडोर की व्यवस्था की गई है, जिससे व्यापार और परिवहन को नई रफ्तार मिलेगी। पीएम के विजन के अनुरूप पर्यटन क्षेत्र पर भी विशेष फोकस किया गया है। टूरिज्म को बढ़ावा देने के लिए ठोस योजनाओं पर काम किया जाएगा, जिससे स्थानीय रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।

मैन्युफैक्चरिंग व रक्षा क्षेत्र में भारत की मजबूत होती स्थिति

उन्होंने बताया कि मोबाइल निर्माण में भारत दुनिया में दूसरे नंबर पर पहुंच चुका है। अब इस क्षेत्र में 40 हजार करोड़ रुपये के निवेश के साथ आगे बढ़ने की योजना है। इसके साथ ही देश में तीन केमिकल पार्क स्थापित किए जाएंगे। ऑपरेशन सिंदूर के बाद पेश किए गए इस पहले बजट में रक्षा बजट में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई है। बायोफार्मा, सेमीकंडक्टर, इलेक्ट्रॉनिक मैन्युफैक्चरिंग और रेयर अर्थ मेटल्स के लिए भी मजबूत चैनल तैयार किए गए हैं।

573ffdb3-c50a-4dce-b9e0-957ad8e809d6

शिपिंग और कंटेनर निर्माण अब देश में

उन्होंने कहा कि शिपिंग सेक्टर में कंटेनर मैन्युफैक्चरिंग को देश में ही शुरू करने का प्रावधान किया गया है, जिससे आत्मनिर्भरता को और बल मिलेगा। इस बजट में स्किल डेवलपमेंट के लिए आवंटन 62 प्रतिशत बढ़ाया गया है। वहीं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए हर जिले में एक गर्ल्स हॉस्टल बनाने की व्यवस्था की गई है।

आम जनता को बजट ने दी राहत

कई जरूरी दवाइयों पर कस्टम ड्यूटी कम की गई है, जिससे आम लोगों को सीधी राहत मिलेगी। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि यह बजट सिर्फ वर्तमान के लिए नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए भी मजबूत आधार तैयार करता है और विकसित भारत के संकल्प को आगे बढ़ाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button