Uttarakhand

बजट सत्र : धामी का सरकार की उपलब्धियों पर जवाब, कहा…1.11 लाख करोड़ का बजट विकास का रोडमैप

विधानसभा में बोले मुख्यमंत्री, रोजगार, उद्योग, इंफ्रास्ट्रक्चर और सख्त कानूनों से बदलेगा उत्तराखंड, भराड़ी देवी मंदिर में भी किए दर्शन

योगेंद्र मलिक

भराड़ीसैंण, 12 मार्च 2026:

गैरसैंण स्थित विधानसभा में राज्यपाल के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव की चर्चा का जवाब देते हुए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार की उपलब्धियों, नीतियों और आगे की योजनाओं का खाका रखा। उन्होंने कहा कि सरकार विकल्प रहित संकल्प के साथ उत्तराखंड को मजबूत और आत्मनिर्भर राज्य बनाने की दिशा में काम कर रही है। अपने संबोधन की शुरुआत उन्होंने देवभूमि के देवी-देवताओं, शहीदों और राज्य आंदोलन से जुड़े लोगों को नमन करते हुए की।

गैरसैंण पहाड़ की उम्मीदों और स्वाभिमान का प्रतीक

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार के लिए गैरसैंण सिर्फ एक जगह नहीं, बल्कि पहाड़ की उम्मीदों और स्वाभिमान का प्रतीक है। राज्य निर्माण आंदोलन की भावना से जुड़ा यह स्थान सरकार की नीतियों और फैसलों में भी झलकता है। उन्होंने कहा कि केंद्र के सहयोग और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में उत्तराखंड तेजी से विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है।

बजट सिर्फ आय-व्यय का दस्तावेज नहीं

मुख्यमंत्री ने बताया कि वर्ष 2026-27 के लिए पेश बजट 1 लाख 11 हजार करोड़ रुपये का है, जो पिछले साल से करीब 10 प्रतिशत अधिक है। उन्होंने कहा कि यह सिर्फ आय-व्यय का दस्तावेज नहीं बल्कि राज्य के लोगों की उम्मीदों का रोडमैप है। बजट में युवाओं, किसानों, महिलाओं, पर्यटन, विज्ञान और सांस्कृतिक विरासत से जुड़े क्षेत्रों पर खास ध्यान दिया गया है।

WhatsApp Image 2026-03-12 at 11.22.23 AM

रोजगार, उद्योग और निवेश में बढ़ोतरी का दावा

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में रोजगार और स्वरोजगार के मौके बढ़ाने के लिए 30 से ज्यादा नई नीतियां लागू की गई हैं। इसके चलते 20 हजार से अधिक नए उद्योग स्थापित हुए हैं और स्टार्टअप की संख्या भी तेजी से बढ़ी है। उन्होंने बताया कि पर्यटन, होटल और होमस्टे सेक्टर के विस्तार से स्थानीय युवाओं को नए रोजगार मिल रहे हैं। पिछले साढ़े चार वर्षों में 30 हजार से ज्यादा युवाओं को सरकारी नौकरियां भी दी गई हैं।

नकल माफिया और भ्रष्टाचार पर सख्ती

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में नकल माफिया और भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाए गए हैं। उत्तराखंड में सख्त नकल विरोधी कानून लागू होने के बाद भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता बढ़ी है। भ्रष्टाचार के मामलों में आईएएस और पीसीएस अधिकारियों सहित 200 से अधिक लोगों पर कार्रवाई की गई है।

इंफ्रास्ट्रक्चर और कनेक्टिविटी पर जोर

उन्होंने कहा कि सड़क, रेल, रोपवे और हवाई कनेक्टिविटी को मजबूत करने के लिए बड़े स्तर पर काम चल रहा है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना, चारधाम ऑल वेदर रोड और कई रोपवे परियोजनाएं राज्य में पर्यटन और विकास को नई रफ्तार देंगी। सरकार का लक्ष्य पर्यावरण और विकास के बीच संतुलन बनाते हुए राज्य को आगे बढ़ाना है।

भराड़ी देवी मंदिर में किए दर्शन

विधानसभा की कार्यवाही से पहले मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भराड़ीसैंण स्थित भराड़ी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की। उन्होंने मां भराड़ी देवी से प्रदेश की खुशहाली और तरक्की की दुआ मांगी। इस दौरान मंदिर समिति के लोगों से भी मुलाकात हुई और मंदिर से जुड़े व्यवस्थागत मुद्दों पर बातचीत की गई। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button