Lucknow City

स्वर्णिम रंगमंच का उत्सव : BNA में आज से सजेगा नाट्य महाकुंभ

सीएम योगी करेंगे शुभारंभ व कलाकारों का सम्मान, 50 वर्ष पूरे होने पर भारतेंदु नाट्य अकादमी में 12 अप्रैल तक रंगारंग प्रस्तुतियां

लखनऊ, 5 अप्रैल 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित भारतेंदु नाट्य अकादमी (बीएनए) की स्थापना के 50 वर्ष पूरे होने के अवसर पर आज स्वर्ण जयंती नाट्य समारोह की भव्य शुरुआत होगी। यह बहुप्रतीक्षित आयोजन 12 अप्रैल तक चलेगा। इसमें देश-विदेश के ख्यातिप्राप्त कलाकार अपनी प्रस्तुतियों से रंगमंच को जीवंत करेंगे। समारोह का शुभारंभ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अकादमी परिसर स्थित राज बिसारिया प्रेक्षागृह में करेंगे।

अकादमी के अध्यक्ष रतिशंकर त्रिपाठी और निदेशक बिपिन कुमार के अनुसार यह आयोजन बीएनए की गौरवशाली यात्रा का उत्सव होने के साथ भारतीय रंगमंच में उसके योगदान और उपलब्धियों का प्रतीक भी है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री अकादमी के वरिष्ठ कलाविदों और पूर्व छात्रों को सम्मानित करेंगे। इसके साथ ही ‘रंगवेद’ पत्रिका का विमोचन भी किया जाएगा। यह रंगमंच की समृद्ध परंपरा और समकालीन गतिविधियों को दर्शाएगी।

स्वर्ण जयंती समारोह के दौरान अकादमी के भवन और दोनों प्रेक्षागृहों के करीब 22 करोड़ रुपये से अधिक लागत से हुए जीर्णोद्धार कार्यों का भी लोकार्पण किया जाएगा। इससे अकादमी को आधुनिक सुविधाओं से लैस कर नई ऊर्जा प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

कार्यक्रम के तहत प्रतिदिन दो सत्रों में नाट्य मंचन और सांस्कृतिक प्रस्तुतियां आयोजित होंगी। बीएम शाह प्रेक्षागृह में दोपहर 3:30 बजे से और राज बिसारिया प्रेक्षागृह में शाम 6:30 बजे से रंगारंग कार्यक्रमों का आयोजन होगा, जिससे कला प्रेमियों को विविध रंगमंचीय अनुभव प्राप्त होंगे।

भारतेंदु नाट्य अकादमी की स्थापना प्रख्यात रंगकर्मी पद्मश्री राज बिसारिया ने की थी। उन्होंने 1975 से 1989 तक संस्थापक निदेशक के रूप में अकादमी को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाया। उन्होंने हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में रंगमंच को समृद्ध किया और लखनऊ विश्वविद्यालय में थिएटर गतिविधियों को नई पहचान दी।

स्वर्ण जयंती नाट्य समारोह बीएनए की उपलब्धियों का उत्सव होने के साथ यह आने वाली पीढ़ियों के लिए रंगमंच के प्रति प्रेरणा और नई संभावनाओं का द्वार भी खोलेगा।

READ MORE 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button