हरिद्वार, 6 फरवरी 2026:
उत्तराखंड में हरिद्वार के सप्तऋषि आश्रम मैदान में आज गुरुदेव समाधि मंदिर और पद्मभूषण ब्रह्मलीन स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज की मूर्ति का अनावरण तीसरे और अंतिम दिन संपन्न हुआ। इसके साथ ही मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा के सभी धार्मिक अनुष्ठान पूरे कराए गए। इस मौके पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ और हरियाणा के पूर्व सीएम मनोहर लाल खट्टर मौजूद रहे।
सीएम योगी बोले- यूपी में अब दंगे नहीं होते
इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब दंगे नहीं होते। उन्होंने कहा कि अब कर्फ्यू आम जनता पर नहीं, बल्कि दंगा करने वालों पर लगाया जाता है। सीएम योगी ने कहा कि स्पष्ट नीति और दृढ़ फैसलों के कारण प्रदेश की कानून व्यवस्था में बड़ा सुधार हुआ है। इसके अलावा सीएम योगी ने कहा कि जब नीति सही हो, नीयत साफ हो और फैसलों में मजबूती हो, तो परिणाम अच्छे मिलते हैं।

स्वामी जी का जीवन राष्ट्रभक्ति का प्रतीक
सीएम योगी ने कहा कि पूज्य स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज के जीवन का मूल मंत्र परंपरा और समन्वय रहा, लेकिन राष्ट्रभक्ति और राष्ट्रीय मूल्यों पर उन्होंने कभी समझौता नहीं किया। करुणा और मैत्री के संदेश के साथ राष्ट्र के प्रति अडिग रहना ही उनका जीवन संकल्प था।
समाधि मंदिर बनेगा पीढ़ियों के लिए प्रेरणा
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1982 में भारत माता मंदिर के लोकार्पण के समय देश कठिन हालात से गुजर रहा था। उस समय स्वामी जी महाराज ने यह स्पष्ट किया था कि आध्यात्मिक नेतृत्व मूल्यों से समझौता नहीं कर सकता। सीएम योगी ने कहा कि स्वामी जी का समाधि मंदिर केवल स्मृति स्थल नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के लिए संस्कार, साधना और राष्ट्र के प्रति समर्पण की प्रेरणा बनेगा।

राजनाथ सिंह बोले- स्वामी जी की चेतना आज भी जीवंत
वहीं इस कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा कि स्वामी सत्यमित्रानंद गिरि महाराज भले ही आज देह रूप में उपस्थित न हों, लेकिन उनकी साधना, विचार और चेतना आज भी उतनी ही जीवंत है। उन्होंने प्राण प्रतिष्ठा को स्वामी जी की चेतना के पुनर्जागरण का प्रयास बताया।
देहरादून एयरपोर्ट पर हुआ भव्य स्वागत
उत्तराखंड पहुंचने पर केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल खट्टर और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का देहरादून स्थित जॉलीग्रांट एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने स्वागत किया। मुख्यमंत्री धामी ने पुष्पगुच्छ भेंट कर सभी अतिथियों का अभिनंदन किया। वीवीआईपी आगमन को लेकर एयरपोर्ट और आसपास कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी।

शंकराचार्य से सीएम मोहन यादव की शिष्टाचार भेंट
इससे पहले गुरुवार को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने हरिद्वार के कनखल स्थित जगतगुरु आश्रम पहुंचकर शिष्टाचार भेंट की थी। मुख्यमंत्री ने जगद्गुरु शंकराचार्य स्वामी राजराजेश्वराश्रम महाराज को अंगवस्त्र भेंट कर उनका आशीर्वाद लिया था।






