Uttarakhand

बजट पूर्व संवाद : सीएम धामी ने जानी जनता की राय… अलग-अलग वर्गों से सीधे सुने सुझाव

रांसी में हुए कार्यक्रम में किसान, व्यापारी, महिला समूह व पर्यटन कारोबारियों ने रखी अपनी बातें

योगेंद्र मलिक

पौड़ी गढ़वाल, 20 फरवरी 2026:

पौड़ी गढ़वाल के रांसी स्थित बहुउद्देश्यीय भवन में बजट पूर्व संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आए जनप्रतिनिधि, किसान, उद्यमी, व्यापारी, महिला समूह, पर्यटन व्यवसायी, मत्स्य पालक, कृषि विशेषज्ञ और स्थानीय निकायों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया और आने वाले बजट को लेकर अपने सुझाव साझा किए।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ऐसा बजट तैयार करना चाहती है, जो जमीन की जरूरतों और लोगों की उम्मीदों से जुड़ा हो। उनके मुताबिक बजट सिर्फ आय-व्यय का हिसाब नहीं बल्कि विकसित उत्तराखंड की दिशा तय करने वाला प्लान होता है, इसलिए हर वर्ग की भागीदारी जरूरी है। उन्होंने कहा कि सरकार चाहती है कि पर्यटन से जुड़े लोगों, व्यापारियों, महिला स्वयं सहायता समूहों, किसानों और छोटे उद्यमियों की वास्तविक जरूरतें बजट में साफ तौर पर दिखें।

बातचीत के दौरान कई व्यावहारिक और दूर की सोच वाले सुझाव मिले हैं, जो आगे की नीतियों को तय करने में मदद करेंगे। मुख्यमंत्री ने बताया कि बजट प्रक्रिया को ज्यादा पारदर्शी और सहभागी बनाने के लिए प्रदेश के अलग-अलग इलाकों, खासकर सीमांत क्षेत्रों में भी ऐसे संवाद किए जा रहे हैं। मकसद यह है कि विकास का फायदा आखिरी व्यक्ति तक पहुंचे और हर तबके की आवाज शामिल हो।

उन्होंने कहा कि उत्तराखंड लगातार विकास की राह पर आगे बढ़ रहा है। व्यापार, उद्योग, पर्यटन, कृषि और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में नई पहलें हुई हैं। होमस्टे और स्वरोजगार के जरिए स्थानीय स्तर पर रोजगार के मौके बढ़े हैं। सरकार किसानों को उद्यमी के रूप में आगे लाने, महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और राज्य की अर्थव्यवस्था को मजबूत करने पर काम कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button