Lucknow CitySports

लखनऊ में खेल सितारों का जमघट : CM योगी बोले… खेल बनेगा UP की नई पहचान, खिलाड़ियों को मिलेगा सम्मान

मुख्यमंत्री ने लिएंडर पेस को ‘मेंटॉर ऑफ द इयर’ और मिताली राज को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ से किया सम्मानित, यूपी को मिला ‘स्टेट ऑफ द इयर’ का पुरस्कार

लखनऊ, 22 मार्च 2026:

यूपी की राजधानी लखनऊ में आयोजित एक स्पोर्ट्स अवार्ड समारोह देश के दिग्गज खिलाड़ियों और खेल जगत की प्रतिष्ठित हस्तियों का जुटान हुआ। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि खिलाड़ियों के सम्मान समारोह में शामिल होकर उन्हें अत्यंत प्रसन्नता हो रही है। इससे भी अधिक खुशी इस बात की है कि इस आयोजन का मंच लखनऊ बना है। उन्होंने इसे प्रदेश के लिए गौरव का क्षण बताते हुए कहा कि देशभर की प्रतिभाओं का उत्तर प्रदेश की धरती पर आगमन सम्मान की बात होने के साथ यहां की नई पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत भी है।

इस आयोजन में देश के विभिन्न हिस्सों से आए खिलाड़ियों और खेल हस्तियों को उनके उत्कृष्ट योगदान और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का माहौल उत्साह, सम्मान और प्रेरणा से भरा हुआ था जहां खेल के प्रति समर्पण और उपलब्धियों का जश्न मनाया गया।

खेल भावना मानसिक और शारीरिक रूप से बनाती है मजबूत

मुख्यमंत्री योगी ने अपने संबोधन में कहा कि खेल केवल जीत और हार तक सीमित नहीं है बल्कि यह जीवन में अनुशासन, समन्वय और उत्कृष्टता प्राप्त करने का एक सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि खेल भावना व्यक्ति को मानसिक और शारीरिक रूप से मजबूत बनाती है। विपरीत परिस्थितियों में संघर्ष करने की क्षमता प्रदान करती और जीवन को सही दिशा देती है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि आज के दौर में खेल करियर का विकल्प होने के साथ राष्ट्र निर्माण का भी एक अहम आधार बन चुका है।

सीएम योगी ने बताया कि वर्ष 2017 के बाद से उनकी सरकार ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में खेलों को बढ़ावा देने के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं। उन्होंने ‘खेलो इंडिया’ और ‘फिट इंडिया मूवमेंट’ जैसी राष्ट्रीय पहलों को उत्तर प्रदेश में जन आंदोलन के रूप में आगे बढ़ाने की बात कही। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार का लक्ष्य है कि हर गांव, हर ब्लॉक और हर जिले में खेल सुविधाएं विकसित की जाएं जिससे प्रतिभाओं को उनके घर के पास ही बेहतर अवसर मिल सकें।

हर ग्राम पंचायत में एक खेल मैदान और हर ब्लॉक में मिनी स्टेडियम

उन्होंने बताया कि प्रदेश की हर ग्राम पंचायत में एक खेल मैदान विकसित किया जा रहा है। प्रत्येक ब्लॉक में मिनी स्टेडियम और हर जिले में एक पूर्ण विकसित स्टेडियम बनाने की योजना पर तेजी से काम हो रहा है। इसके अलावा वाराणसी में भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) द्वारा एक अंतरराष्ट्रीय स्तर के स्टेडियम का निर्माण किया जा चुका है। गोरखपुर में भी एक अत्याधुनिक अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम निर्माणाधीन है।

खेल शिक्षा को बढ़ावा देने के उद्देश्य से मेरठ में मेजर ध्यानचंद खेल विश्वविद्यालय की स्थापना का उल्लेख करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यह संस्थान प्रदेश के युवाओं को उच्च स्तरीय प्रशिक्षण और आधुनिक खेल सुविधाएं प्रदान करेगा। उन्होंने यह भी बताया कि सरकार का लक्ष्य प्रदेश के सभी 18 मंडलों में स्पोर्ट्स कॉलेज और सेंटर ऑफ एक्सीलेंस स्थापित करना है। यहां अनुभवी कोच और पूर्व खिलाड़ी युवाओं को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं के लिए तैयार करेंगे।

खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में मिल रहे अवसर

खिलाड़ियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में सरकार द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र करते हुए सीएम योगी ने कहा कि खेल नीति में बदलाव कर खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में अवसर प्रदान किए जा रहे हैं। उन्होंने गर्व के साथ बताया कि अब तक 500 से अधिक प्रतिभावान खिलाड़ियों को विभिन्न सरकारी पदों पर नियुक्ति दी जा चुकी है। इनमें कई खिलाड़ी वरिष्ठ अधिकारी के रूप में कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इससे खिलाड़ियों को आर्थिक और सामाजिक सुरक्षा मिलती है, जिससे वे पूरी निष्ठा के साथ अपने खेल पर ध्यान केंद्रित कर सकते हैं।

CM Yogi in Lucknow Sports for New Identity (1)

समारोह के दौरान देश के कई प्रतिष्ठित खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने टेनिस जगत के दिग्गज लिएंडर पेस को ‘मेंटॉर ऑफ द इयर’ अवॉर्ड से सम्मानित किया। वहीं भारतीय महिला क्रिकेट टीम की पूर्व कप्तान मिताली राज को ‘लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड’ प्रदान किया गया। हॉकी के स्टार गोलकीपर पीआर श्रीजेश को भी उनके शानदार योगदान के लिए सराहा गया।

महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम को ‘टीम ऑफ द इयर’ का पुरस्कार

कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश को खेल के क्षेत्र में तेजी से विकसित हो रहे बुनियादी ढांचे और प्रभावी नीतियों के लिए ‘स्टेट ऑफ द इयर’ पुरस्कार से नवाजा गया। यह सम्मान प्रदेश में खेलों के प्रति सरकार की प्रतिबद्धता और प्रयासों का प्रमाण माना गया। इस अवसर पर ‘टीम ऑफ द इयर’ का पुरस्कार भारत की महिला दृष्टिबाधित क्रिकेट टीम को प्रदान किया गया, जिसने विपरीत परिस्थितियों के बावजूद अपनी प्रतिभा से देश का नाम रोशन किया है। वहीं ‘फेडरेशन ऑफ द इयर’ का पुरस्कार भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को दिया गया।

समारोह में बताया गया कि कार्यक्रम का आयोजन करने वाले संस्थान की ओर से खेल की 45 श्रेणियों में 100 से अधिक खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया है। इन खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत, समर्पण और प्रतिभा के दम पर राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत को गौरवान्वित किया है।

कार्यक्रम में कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी और बीसीसीआई उपाध्यक्ष रहे मौजूद

कार्यक्रम की शुरुआत मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, खेल मंत्री गिरीश चंद्र यादव और भारतीय ओलंपिक संघ की अध्यक्ष पीटी उषा के स्वागत के साथ हुई। इस दौरान खेल जगत की कई नामचीन हस्तियां मौजूद रहीं। इनमें फुटबॉल के अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी बाइचुंग भूटिया, बीसीसीआई के उपाध्यक्ष राजीव शुक्ला, भारतीय क्रिकेटर कुलदीप यादव, महिला क्रिकेट टीम की स्टार खिलाड़ी हरमनप्रीत कौर, दीप्ति शर्मा और हरलीन देओल सहित कई प्रमुख खिलाड़ी शामिल रहे।

मुख्यमंत्री ने अपने संबोधन के अंत में कहा कि इस प्रकार के कार्यक्रम खिलाड़ियों को सम्मान देने के साथ-साथ समाज में खेलों के प्रति सकारात्मक माहौल तैयार करते हैं। साथ ही यह युवाओं को प्रेरित करते हैं कि वे खेल को अपना करियर बनाएं और देश का नाम रोशन करें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button