लखनऊ, 16 मार्च 2026:
राजधानी लखनऊ के गोमती नगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में सोमवार को प्रधानमंत्री आवास योजना शहरी से जुड़ा खास कार्यक्रम आयोजित हुआ। इस दौरान सीएम योगी आदित्यनाथ ने प्रदेश के 90 हजार लाभार्थियों के बैंक खातों में 900 करोड़ रुपये की पहली किस्त डीबीटी के जरिए भेजी गई।
यूपी में 62 लाख परिवारों को मिला आवास योजना का लाभ
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बटन दबाकर राशि जारी की और कई लाभार्थियों से बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि अपना घर होना हर इंसान का सपना होता है। सरकार का मकसद है कि कोई भी परिवार बिना छत के न रहे। प्रधानमंत्री आवास योजना ने लाखों परिवारों की जिंदगी बदली है। जिन लोगों के पास पहले पक्का घर नहीं था, आज वे अपने घर में रह रहे हैं। उत्तर प्रदेश में अब तक करीब 62 लाख परिवारों को इस योजना का फायदा मिल चुका है। शहरों के साथ छोटे कस्बों में भी बड़ी संख्या में लोगों को पक्के मकान मिल रहे हैं। सरकार का लक्ष्य है कि जिन परिवारों के पास रहने के लिए सुरक्षित घर नहीं है, उन्हें जल्द से जल्द योजना से जोड़ा जाए। इसके लिए अलग-अलग चरणों में किस्तें जारी की जा रही हैं।

25 करोड़ की आबादी हमारा परिवार, चेहरा देखकर अब लाभ नहीं मिलता
आज उत्तर प्रदेश बीमारू राज्य की छवि से उभरकर देश के विकास का एक ग्रोथ इंजन बन चुका है। समाज के अंतिम पायदान पर बैठे व्यक्ति को बिना भेदभाव के योजनाओं का लाभ मिले। जब कोई सरकार इस भाव के साथ कार्य करती है, तब उसके सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। हमारे लिए 25 करोड़ की आबादी वाला यह राज्य ही हमारा परिवार है। हमने कभी चेहरा देखकर योजनाओं का लाभ नहीं दिया। दलित, वंचित, पिछड़ा, कमजोर, गरीब या महिला, सभी को ध्यान में रखकर योजनाओं का लाभ उन तक पहुंचाने का कार्य किया गया।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने कई जिलों के लाभार्थियों से बातचीत की और उनके अनुभव सुने। लाभार्थियों ने बताया कि योजना से उन्हें बड़ा सहारा मिला है। कई परिवारों ने कहा कि पहले किराए के घर में रहना पड़ता था, लेकिन अब अपना घर बनने से जिंदगी आसान हो गई है। महिलाओं ने भी बताया कि घर मिलने से परिवार को सुरक्षा और स्थिरता मिली है।






