लखनऊ, 31 दिसंबर 2025:
यूपी में पड़ रही कड़ाके की ठंड के बीच घने कोहरे ने रफ्तार पर ब्रेक लगा दिया है। राजधानी लखनऊ सहित प्रदेश भर में दृश्यता बेहद कम होने से सड़क, रेल और हवाई यातायात बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। इसके चलते हाईवे पर वाहन रेंगते चल रहे हैं। एयरपोर्ट और रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों की भीड़ और अव्यवस्था की स्थिति बन रही है। कई उड़ानें एवं ट्रेनें घंटों की देरी से चल रहीं या फिर लगातार रद्द हो रही हैं। इससे लोग मुश्किलों का सामना कर रहे हैं।
इसी बीच केंद्र सरकार ने यात्रियों की असुविधा को देखते हुए एयरलाइंस पर सख्ती बरती है। नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सभी एयरलाइंस को निर्देश दिए हैं कि खराब मौसम की वजह से उड़ानों में देरी या रद्द होने की स्थिति में यात्रियों की सुविधा को प्राथमिकता दी जाए। मंत्रालय के मुताबिक फ्लाइट लेट होने पर यात्रियों को भोजन के साथ जरूरी सहायता मुहैया कराना एयरलाइंस की जिम्मेदारी है। Lucknow Winter News Alert
वहीं, उड़ान रद्द होने पर या तो बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के टिकट की दोबारा बुकिंग की जाए या फिर तत्काल रिफंड उपलब्ध कराया जाए। इसके अलावा समय पर चेक इन के बाद किसी भी यात्री को बोर्डिंग से वंचित न किया जाए तथा सामान से संबंधित समस्याओं और शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए।

लखनऊ के चौधरी चरण सिंह (अमौसी) इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर बुधवार को भी कोहरे के चलते उड़ानों का संचालन गंभीर रूप से प्रभावित रहा। सुबह रनवे पर विजिबिलिटी बेहद कम होने के कारण कई अंतरराष्ट्रीय और घरेलू उड़ानों को रोकना पड़ा जबकि कुछ उड़ानें रद्द की गईं। खाड़ी देशों से आने वाली उड़ानों पर इसका सबसे ज्यादा असर दिखा। दम्माम से सुबह 5:15 बजे पहुंचने वाली फ्लाइनेस की फ्लाइट करीब आठ घंटे देरी से लखनऊ उतरी। इसी तरह रियाद से आने वाली दूसरी फ्लाइनेस उड़ान छह घंटे से अधिक देरी के बाद पहुंच सकी।
घरेलू रूट पर भी हालात बेहतर नहीं रहे। दिल्ली से सुबह 7:10 बजे आने वाली एयर इंडिया की उड़ान को रद्द करना पड़ा जबकि मुंबई से आने वाली एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट निर्धारित समय से काफी देर बाद पहुंची। रात में दिल्ली से आने वाली एयर इंडिया की एक और उड़ान खराब मौसम के कारण निरस्त कर दी गई। अनिश्चित शेड्यूल के कारण यात्री एयरपोर्ट पर घंटों फंसे रहे और कई लोगों को यात्रा के लिए वैकल्पिक साधन तलाशने पड़े।
वहीं, रेल सेवाओं पर भी कोहरे का असर कम नहीं है। लखनऊ से होकर गुजरने वाली 20 से अधिक ट्रेनें घंटों की देरी से पहुंचीं। तेजस एक्सप्रेस (82502) सबसे अधिक प्रभावित रही और करीब 9 घंटे लेट होकर पहुंची। 12004 शताब्दी एक्सप्रेस लगभग 4 घंटे देरी से चली, जबकि 20503 राजधानी एक्सप्रेस दो घंटे पीछे रही। अमृतसर-हावड़ा पंजाब मेल (13006) को तो मौसम की खराबी के कारण रद्द ही करना पड़ा।
मौसम विभाग के अनुसार अगले एक-दो दिन तक हालात में ज्यादा बदलाव होने की संभावना नहीं है। ऐसे में यात्रियों को यात्रा से पहले ट्रेन और फ्लाइट की स्थिति की जानकारी प्राप्त करने की सलाह दी गई है।






