Uttar Pradesh

दरोगा भर्ती परीक्षा में ‘पंडित’ शब्द पर विवाद : आत्मदाह करने पुलिस भर्ती बोर्ड दफ्तर जा पहुंचा भगवाधारी युवक

कार्यालय गेट के अंदर पहुंचते ही अपने ऊपर छिड़कने लगा पेट्रोल, पुलिसकर्मियों की सतर्कता से बचा हादसा, ‘पंडित’ शब्द के कथित अपमानजनक संदर्भ के मामले में केस दर्ज न होने से नाराजगी

लखनऊ, 17 मार्च 2026:

यूपी पुलिस की दरोगा भर्ती की लिखित परीक्षा में ‘पंडित’ शब्द के कथित अपमानजनक संदर्भ को लेकर विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार को इस मुद्दे को लेकर एक भगवाधारी युवक आत्मदाह करने की मंशा से लखनऊ में पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के मुख्यालय पहुंच गया। हालांकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों की सतर्कता से हादसा बच गया।

जानकारी के अनुसार युवक अपने साथ बोतल में पेट्रोल जैसा ज्वलनशील पदार्थ लेकर मुख्यालय के मेन गेट तक पहुंच गया। अंदर प्रवेश करते ही उसने अपने ऊपर पेट्रोल छिड़कना शुरू कर दिया। वहां तैनात पुलिसकर्मियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए उसे पकड़ लिया और आत्मदाह की कोशिश को नाकाम कर दिया।

पूछताछ में युवक की पहचान बुलंदशहर निवासी दीपक शर्मा के रूप में हुई है। उसके पास से माचिस, पेट्रोल की बोतल और एक बैनर भी बरामद हुआ है। बैनर पर लिखा था कि ब्राह्मण का अपमान नहीं सहा जाएगा। दीपक का आरोप है कि 14 मार्च को आयोजित दरोगा भर्ती परीक्षा में एक प्रश्न में ‘अवसरवादी’ शब्द के विकल्पों में ‘पंडित’ को शामिल किया गया, जो ब्राह्मण समाज का अपमान है। उसका कहना है कि इस मामले में लखनऊ के हजरतगंज कोतवाली में लिखित शिकायत भी दी थी, लेकिन तीन दिन बीतने के बाद भी पुलिस ने केस दर्ज नहीं किया।

इसी से नाराज होकर दीपक मंगलवार को हुसैनगंज इलाके में स्थित पुलिस भर्ती बोर्ड मुख्यालय पहुंच गया और आत्मदाह की कोशिश की। पुलिस ने उसे समझा-बुझाकर हिरासत में लिया और हुसैनगंज थाने ले जाकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं, इस मामले को लेकर सोशल मीडिया पर भी बहस तेज हो गई है और कई संगठनों ने परीक्षा में पूछे गए सवाल पर आपत्ति जताई है। पुलिस पूरे प्रकरण की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button