वाराणसी, 23 जनवरी 2026:
कफ सिरप मामले में सोनभद्र पुलिस ने शुक्रवार को वाराणसी में मास्टरमाइंड शुभम जायसवाल के आरोपी पिता भोला जायसवाल की संपत्तियों को कुर्क किया। यह कार्रवाई कोर्ट के आदेश पर की गई। सील किये गए घर व शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की कीमत 28 करोड़ से अधिक बताई गई है।
शुक्रवार सुबह करीब 10 बजे सोनभद्र पुलिस की विशेष टीम सिगरा थाने पहुंची। टीम में सीओ सिटी, चार इंस्पेक्टर, एक महिला सब इंस्पेक्टर, दस हेड कांस्टेबल और दस कांस्टेबल शामिल थे। एसडीएम पिंडरा सुनीता गुप्ता भी टीम के साथ मौजूद रहीं।

करीब 11 बजे पुलिस टीम महमूरगंज स्थित भोला जायसवाल के कॉम्प्लेक्स पहुंची, जहां लगभग 23 करोड़ रुपये की संपत्ति को सील किया गया। इसके बाद टीम दोपहर करीब 12 बजे बादशाहबाग स्थित उनके आवास पर पहुंची। घर पर ताला लटका हुआ था और अंदर कोई मौजूद नहीं था। पुलिस ने इस मकान को भी सीज कर दिया, जिसकी कीमत करीब 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इसके बाद दोपहर लगभग 1 बजे टीम जगतगंज स्थित भोला जायसवाल के कमर्शियल कॉम्प्लेक्स पहुंची, जहां साढ़े 3 करोड़ रुपये की संपत्ति को सीज किया गया। सोनभद्र के सीओ सिटी रणधीर मिश्रा ने बताया कि कफ सिरप प्रकरण की विवेचना सोनभद्र के रॉबर्ट्सगंज थाने में चल रही है।

कोर्ट के आदेश के तहत आज भोला जायसवाल की करीब 28 करोड़ 50 लाख रुपये की संपत्तियों को कुर्क किया गया है। उन्होंने बताया कि सिगरा और चेतगंज क्षेत्र में स्थित अन्य संपत्तियों पर भी कुर्की की कार्रवाई की जाएगी।






