Sports

क्रिकेट पहले, शादी बाद में! ईशान किशन की धुआंधार पारी के बाद परिवार का ये संदेश

टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन के साथ ही सोशल मीडिया पर ईशान और मॉडल अदिति हुंडिया के रिश्ते को लेकर चर्चाएं फिर तेज, दादा के बयान से उड़ी शादी की अफवाह, मां का बड़ा बयान-क्रिकेट करियर पर फोकस करने का समय

खेल डेस्क, 18 फरवरी 2026:

टी20 विश्व कप 2026 में पाकिस्तान के खिलाफ धमाकेदार पारी खेलकर ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ बने ईशान किशन इन दिनों दो वजहों से चर्चा में हैं। एक मैदान पर उनका बल्ला और दूसरी मैदान के बाहर उनकी निजी जिंदगी को लेकर उठी अटकलें। कोलंबो में खेले गए हाई-वोल्टेज मुकाबले में बाएं हाथ के ओपनर ने 40 गेंदों में 77 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर भारत को 61 रन से शानदार जीत दिलाई। यही नहीं, विकेट के पीछे भी उन्होंने उस्मान खान को स्टंप आउट कर मैच का रुख पूरी तरह भारत की ओर मोड़ दिया।

इस शानदार प्रदर्शन के साथ ही सोशल मीडिया पर ईशान और मॉडल अदिति हुंडिया के रिश्ते को लेकर चर्चाएं फिर तेज हो गईं। ईशान के दादा अनुराग पांडेय ने सार्वजनिक रूप से दोनों के रिश्ते की पुष्टि करते हुए कहा कि परिवार को ईशान की पसंद मंजूर है। उनके बयान के बाद फैंस ने शादी की अटकलों को हवा दे दी और सोशल मीडिया पर कयासों की बाढ़ आ गई।

Cricket First, Marriage Later! Ishan Kishan's Victory (1)

हालांकि, इन अफवाहों पर ईशान की मां सुचित्रा देवी ने साफ शब्दों में विराम लगा दिया। उन्होंने कहा कि अभी शादी की कोई बात नहीं है। यह ईशान के क्रिकेट करियर पर फोकस करने का समय है। मां के मुताबिक बुजुर्ग भावनाओं में बहकर सोशल मीडिया की बातों को सच मान लेते हैं लेकिन परिवार की प्राथमिकता फिलहाल बेटे का खेल है। उनके बयान से यह संदेश साफ हो गया कि निजी जिंदगी से ज्यादा अभी मैदान पर प्रदर्शन ही ईशान के एजेंडे में है।

मैच के बाद ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ का पुरस्कार मिलने पर ईशान ने श्रेय पूरी टीम और भारतीय प्रशंसकों को दिया। टी20 विश्व कप में यह उनकी लगातार दूसरी अर्धशतकीय पारी रही जिसमें उन्होंने पाकिस्तानी स्पिनरों के खिलाफ बेहतरीन फुटवर्क और आक्रामक शॉट चयन का प्रदर्शन किया। बड़े मंच पर जिम्मेदारी निभाने की उनकी तैयारी साफ झलक रही है।

एक तरफ ईशान किशन बल्ले से आग उगल रहे हैं, तो दूसरी तरफ उनकी निजी जिंदगी को लेकर उठी अफवाहों पर परिवार ने ब्रेक लगा दिया है। फिलहाल फैंस के लिए खुशखबरी यही है कि टीम इंडिया को उनका फॉर्म शिखर पर मिल रहा है और ईशान का फोकस पूरी तरह जीत की राह पर है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button