Uttarakhand

क्रिकेट टूर्नामेंट के विजेता सम्मानित, खेल मंत्री ने कहा…पहाड़ के युवा खेल को बनाएं अपना भविष्य

17 गांवों के युवक मंगल दल और क्रिकेट खेलने वाले युवाओं को क्रिकेट किट मिली, राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले युवाओं को भी दिया मेडल

राजकिशोर तिवारी

सोमेश्वर, 5 फरवरी 2026:

खेल मंत्री रेखा आर्या ने सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के गोविंदपुर गांव में आयोजित मकर संक्रांति क्रिकेट टूर्नामेंट की विजेता और उपविजेता टीमों को सम्मानित किया। इस मौके पर उन्होंने युवाओं से खेल को करियर के रूप में अपनाने की अपील करते हुए कहा कि प्रदेश में खेल सुविधाओं का तेजी से विस्तार किया जा रहा है।

इससे पहले सोमेश्वर विधानसभा क्षेत्र के कंडारकुआं मंडल स्थित दीपाधार मंदिर परिसर में आसपास के 17 गांवों के युवक मंगल दल और क्रिकेट खेलने वाले युवाओं को क्रिकेट किट वितरित की गई। साथ ही हाल के दिनों में राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतने वाले युवाओं को भी मेडल पहनाकर सम्मान दिया गया। खेल मंत्री ने कहा कि जब युवा खेल गतिविधियों से जुड़ते हैं तो इससे नई प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। खेल से युवाओं का शारीरिक और मानसिक विकास भी बेहतर होता है, जो समाज के लिए सकारात्मक संकेत है।

खेल मंत्री ने कहा कि सरकार का फोकस अब दूरदराज के गांवों तक खेल मैदान और मिनी स्टेडियम पहुंचाने पर है। प्रदेश में खेल का माहौल लगातार मजबूत हो रहा है और इसका सीधा फायदा पहाड़ी इलाकों के युवाओं को मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि खेल सिर्फ शौक नहीं, बल्कि बेहतर भविष्य का जरिया भी बन सकता है।

रेखा आर्या ने कहा कि प्रदेश सरकार ने खिलाड़ियों के हित में अहम फैसले लिए हैं। पदक जीतने वाले खिलाड़ियों को आउट ऑफ टर्न नौकरी और सरकारी नौकरियों में चार प्रतिशत आरक्षण की व्यवस्था की गई है। इससे प्रतिभाशाली युवाओं को अपने करियर को लेकर असमंजस में रहने की जरूरत नहीं है। कार्यक्रम के दौरान खेल मंत्री ने टूर्नामेंट की विजेता और उपविजेता टीमों के खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार देकर सम्मानित किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिला अध्यक्ष महेश नयाल, मंडल अध्यक्ष गणेश जलाल, जिला पंचायत सदस्य पुष्पा आर्य, विधायक प्रतिनिधि भुवन जोशी, गोपाल खोलिया, अशोक जलाल, राहुल खोलिया और गणेश अधिकारी समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button