Uttarakhand

देहरादून : झंडा जी मेले की नगर परिक्रमा… देश-विदेश से पहुंचे हजारों श्रद्धालु

श्री दरबार साहिब से निकली परिक्रमा का शहरभर में स्वागत, जगह-जगह पुष्प वर्षा और लंगर की व्यवस्था

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 10 मार्च 2026:

देहरादून में चल रहे श्री गुरु राम राय महाराज के झंडा जी मेले के तीसरे दिन मंगलवार को नगर परिक्रमा निकाली गई। श्री दरबार साहिब के गद्दीनशीन श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज की अगुवाई में सुबह यह परिक्रमा शुरू हुई। इसमें हजारों श्रद्धालुओं ने हिस्सा लिया, जिनमें देश और विदेश से आए भक्त भी शामिल रहे।

नगर परिक्रमा श्री दरबार साहिब से शुरू होकर कांवली रोड, श्री गुरु राम राय पब्लिक स्कूल बिंदाल, तिलक रोड, टैगोर विला, घंटाघर, पलटन बाजार, लक्खीबाग पुलिस चौकी, रीठा मंडी और बॉम्बे बाग होते हुए समाधि स्थल श्रीमहंत साहिबान पहुंची। इसके बाद परिक्रमा फिर से दरबार साहिब वापस लौटी।

WhatsApp Image 2026-03-10 at 4.58.37 PM

पूरे रास्ते में शहर के लोगों ने श्रद्धालुओं का स्वागत किया। कई जगहों पर पुष्प वर्षा की गई और ढोल-नगाड़ों की थाप के साथ भजन-कीर्तन का माहौल बना रहा। घंटाघर पहुंचने पर श्रद्धालुओं पर फूल बरसाए गए। रास्ते में संगतों के लिए जगह-जगह लंगर की व्यवस्था की गई थी। श्रद्धालुओं को चने, मुरमुरे, गुड़, गन्ने का प्रसाद और जलपान वितरित किया गया।

भजन-कीर्तन और ढोल की थाप पर संगतें नाचते-गाते आगे बढ़ती रहीं। श्रीमहंत देवेंद्र दास महाराज ने कहा कि देहरादून के लोगों ने अतिथि देवो भवः की परंपरा निभाते हुए बाहर से आए श्रद्धालुओं का प्रेम और सम्मान के साथ स्वागत किया। उन्होंने कहा कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि भाईचारे और आपसी सद्भाव का भी संदेश देता है। शाम को खुशी का प्रसाद बांटे जाने के बाद बाहर से आए श्रद्धालुओं की वापसी का सिलसिला शुरू हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button