Uttarakhand

उत्तराखंड की ग्रामीण प्रतिभाओं का बड़ा मंच बनी मुख्यमंत्री चैंपियनशिप, देहरादून ने जीती पहली ट्रॉफी

ननूरखेड़ा मिनी स्टेडियम में हुए समापन समारोह में विजेता टीम को मुख्यमंत्री धामी और खेल मंत्री ने ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये का चेक देकर किया सम्मानित

राजकिशोर तिवारी

देहरादून, 18 फरवरी 2026:

उत्तराखंड में खेल संस्कृति को नई रफ्तार देने वाली मुख्यमंत्री चैंपियनशिप ट्रॉफी 2025-26 का फाइनल देहरादून जनपद की ऐतिहासिक जीत के साथ संपन्न हुआ। ननूरखेड़ा मिनी स्टेडियम में हुए समापन समारोह में देहरादून की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहली बार ट्रॉफी अपने नाम की। विजेता टीम को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और खेल मंत्री रेखा आर्या ने ट्रॉफी के साथ 5 लाख रुपये का चेक प्रदान कर सम्मानित किया।

मुख्यमंत्री धामी ने बताया कि इस बार प्रतियोगिता को पूरी तरह नए प्रारूप में आयोजित किया गया। न्याय पंचायत से शुरू होकर विधानसभा, संसदीय क्षेत्र और अंततः राज्य स्तर तक पहुंची इस बहुस्तरीय प्रतियोगिता ने ग्रामीण इलाकों की छिपी प्रतिभाओं को बड़ा मंच दिया। उन्होंने कहा कि सरकार पदक विजेता खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में चार प्रतिशत आरक्षण दे रही है। इससे युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ रहा है और खेलों के प्रति गंभीरता मजबूत हुई है।

Dehradun Lifts First CM Championship Trophy in Style (1)

खेल मंत्री रेखा आर्या ने इस दौर को प्रदेश के खिलाड़ियों के लिए स्वर्णिम काल बताते हुए कहा कि बीते चार वर्षों में आउट ऑफ टर्न नौकरियां, सरकारी सेवाओं में चार प्रतिशत आरक्षण, युवा छात्रवृत्ति, प्रदेश का पहला खेल विश्वविद्यालय और लोहाघाट में गर्ल्स स्पोर्ट्स कॉलेज जैसे कई क्रांतिकारी कदम उठाए गए हैं। अब अंतरराष्ट्रीय स्तर की खेल सुविधाओं और आधुनिक आधारभूत ढांचे का विकास तेजी से हो रहा है।

इससे उत्तराखंड देश के उभरते खेल केंद्र के रूप में पहचान बना रहा है। समारोह में विधायक उमेश शर्मा काऊ, खेल सचिव अमित सिन्हा, खेल निदेशक आशीष चौहान, अपर निदेशक अजय अग्रवाल, डीएम सविन बंसल सहित तमाम खिलाड़ी व खेलप्रेमी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button