Uttar Pradesh

अयोध्या आने वाले श्रद्धालु ध्यान दें… इस दिन बंद रहेंगे रामलला के पट, शाम के बाद ही होंगे दर्शन

तीन मार्च को चंद्रग्रहण और सूतक काल के कारण बदला गया दर्शन का समय, संध्या आरती के बाद रात 11 बजे तक मिल सकेगा प्रवेश

अयोध्या, 1 मार्च 2026:

चंद्रग्रहण के चलते अयोध्या में रामलला के दर्शन के समय में बदलाव किया गया है। सूतक काल लागू होने के कारण मंदिर के पट दिन में बंद रहेंगे और श्रद्धालुओं को शाम के बाद ही दर्शन का अवसर मिलेगा। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से पहले से योजना बनाकर आने की अपील की है।

जानकारी के अनुसार, तीन मार्च को सुबह मंगला आरती और श्रृंगार आरती के बाद बाल भोग लगाया जाएगा। इसके तुरंत बाद सुबह करीब साढ़े आठ बजे मंदिर के पट बंद कर दिए जाएंगे। सूतक काल समाप्त होने तक दिनभर दर्शन बंद रहेंगे।

WhatsApp Image 2026-03-01 at 12.48.35 PM

शाम को चंद्रग्रहण समाप्त होने के बाद करीब साढ़े आठ बजे संध्या आरती संपन्न कराई जाएगी। आरती के साथ ही दर्शन मार्ग श्रद्धालुओं के लिए खोल दिया जाएगा। मंदिर प्रशासन का प्रयास रहेगा कि रात 11 बजे तक आने वाले सभी भक्तों को रामलला के दर्शन कराए जा सकें।

श्रीरामजन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के सदस्य डॉ. अनिल कुमार मिश्र ने बताया कि ग्रहण के धार्मिक नियमों का पालन करते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है। यदि श्रद्धालुओं की संख्या अधिक होती है तो दर्शन का समय बढ़ाने पर भी विचार किया जा सकता है। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे बदले हुए समय को ध्यान में रखकर ही अयोध्या पहुंचें, ताकि किसी प्रकार की असुविधा न हो।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button