लखनऊ, 4 जनवरी 2026:
यूपी इन दिनों प्रचंड सर्दी की गिरफ्त में है। राजधानी लखनऊ समेत प्रदेश के अधिकांश जिलों में घने कोहरे और भीषण ठंड ने सामान्य जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया है। सुबह से छाया कोहरा और दिनभर बनी गलन के कारण सड़कों पर आवाजाही कम हो गई। लोग जरूरी काम होने पर ही घरों से बाहर निकल रहे हैं।मौसम विभाग ने साफ संकेत दिए हैं कि फिलहाल ठंड से राहत के कोई आसार नहीं हैं। अगले दो दिनों में हालात और कठोर हो सकते हैं। thehohalla news
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार आगामी 48 घंटों में न्यूनतम तापमान में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है। इससे न सिर्फ ठंड बढ़ेगी बल्कि कोहरा और अधिक घना होने की संभावना है। वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक प्रदेश के कई जिलों में सुबह के समय दृश्यता शून्य तक पहुंच सकती है। पहले से बनी फॉग की परत जब तक नहीं हटेगी तब तक धूप निकलने की संभावना बेहद कम रहेगी।

रविवार को दिन की शुरुआत घने कोहरे और गलन के साथ हुई। राजधानी लखनऊ में दोपहर बाद कुछ देर के लिए सूर्य के मामूली दर्शन जरूर हुए लेकिन इसका तापमान पर कोई खास असर नहीं पड़ा। बर्फीली हवा ने परेशानी और बढ़ाई। दिन ढलने के साथ ही ठिठुरन और बढ़ गई। लोग जगह-जगह अलाव जलाकर ठंड से बचाव करते दिखाई दिए। कोहरे के कारण रेल और सड़क यातायात भी प्रभावित रहा। https://thehohalla.com/cold-and-fog-wreak-havoc-disruptions-in-air-and-rail-travel/
मौसम विभाग के मुताबिक बांदा, चित्रकूट, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, वाराणसी, संत रविदासनगर, आगरा, इटावा, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर समेत आसपास के इलाकों में अत्यधिक घने कोहरे के आसार हैं। वहीं फतेहपुर, प्रतापगढ़, गोरखपुर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, हरदोई, कानपुर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, सुल्तानपुर, अयोध्या, सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत और शाहजहांपुर सहित कई जिलों में शीतलहर चलने की संभावना जताई गई है।

कोहरे और कड़ाके की ठंड के चलते आमजन के साथ बुजुर्गों और बच्चों को विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है। मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में ठंड का यह कहर और बढ़ सकता है। इसलिए सावधानी ही बचाव है।






