Lucknow City

निगोहां में महिला सशक्तिकरण का उत्सव… 21 महिला ग्राम प्रधानों का सम्मान

महिला दिवस से पहले नारी श्री ग्राम प्रधान सम्मान समारोह का आयोजन, राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान पहुंचीं, गांवों में नेतृत्व और सामाजिक योगदान के लिए सम्मान पर खुश दिखीं महिलाएं

मोहनलालगंज (लखनऊ), 7 मार्च 2026:

निगोहां क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस से एक दिन पूर्व शनिवार को नारी श्री ग्राम प्रधान सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बाबू सुंदर सिंह इंजीनियरिंग कॉलेज के अब्दुल कलाम सभागार में आयोजित कार्यक्रम में क्षेत्र की 21 महिला ग्राम प्रधानों को उनके उत्कृष्ट कार्यों और गांवों में महिलाओं की भागीदारी को मजबूत करने के लिए सम्मानित किया गया।

खास मेहमान उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष डॉ. बबिता सिंह चौहान और विशिष्ट अतिथि सहायक पुलिस आयुक्त विकास कुमार पांडे रहे। दोनों अतिथियों ने संस्था की अध्यक्ष रीता सिंह के साथ मिलकर महिला ग्राम प्रधानों को प्रशस्ति पत्र और अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया।

डॉ. बबिता सिंह चौहान ने कहा कि महिलाओं को समाज की अंतिम पंक्ति तक सम्मान और अधिकार दिलाना उनका संकल्प है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी भूमिका मजबूत कर रही हैं और ग्राम पंचायतों में महिला प्रधानों की जिम्मेदारी बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि समाज के लिए किया गया काम हमेशा याद रखा जाता है और भारतीय संस्कृति के मूल में जो संस्कार हैं, उन्हें संजोकर रखने में महिलाओं की बड़ी भूमिका होती है।

Empowering Women Celebrating 21 Gram Pradhans (1)

एसीपी विकास कुमार पांडे ने कहा कि महिलाएं आज नेतृत्व क्षमता का मजबूत उदाहरण पेश कर रही हैं। उन्होंने महिला ग्राम प्रधानों से गांवों में शिक्षा, सुरक्षा और विकास कार्यों को प्राथमिकता देने की अपील की। संस्था की अध्यक्ष रीता सिंह ने कहा कि महिला ग्राम प्रधानों ने गांवों के विकास और सामाजिक जागरूकता को आगे बढ़ाने में अहम भूमिका निभाई है। ऐसे आयोजनों के माध्यम से उनके योगदान को सम्मानित कर समाज के सामने लाने का प्रयास किया जाता है।

सरल केयर फाउंडेशन और एमडी ट्रेड लाइन के संयुक्त तत्वावधान में हुए इस कार्यक्रम में कॉलेज के अध्यक्ष आनंद शेखर सिंह, थाना प्रभारी अनुज कुमार तिवारी, वाइस चेयरमैन रीना सिंह, जर्नलिस्ट शैलेन्द्र सिंह, समाजसेवी अखिलेश द्विवेदी, अनुपम मिश्रा, आईपी सिंह, प्रदीप द्विवेदी और प्रधान अभय कांत दीक्षित मौजूद रहे।

इन महिला ग्राम प्रधानों को मिला सम्मान

मोहनलालगंज विकास खंड की जिन महिला ग्राम प्रधानों को सम्मानित किया गया उनमें अघैया की उर्मिला द्विवेदी, लालपुर की नीरज, दखिना की राजकुमारी, नंदौली की रीना सिंह, भगवापुर की कुसुमलता सोनी, शेरपुर लवल की आनंद रानी, बैरिसालपुर की अनुपमा, ब्रह्मदासपुर की विद्या देवी, उदयपुर की श्यामा देवी, टिकरा की कमलेश कुमारी, दयालपुर की निर्मला पाल, उल्लास खेड़ा की नीता, मंगटैया की नेहा साहू, डिघारी की दीपिका यादव, गढ़ी मेहदौली की सरिता, भिलमपुर की प्रियंका, कुशमौरा की माया, जबरौली की रेनू अवस्थी, मीरानपुर की इलमा बानो, भदेसुवा की गीता और परसपुर की राजवती शामिल रहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button