लखनऊ, 7 मार्च 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ स्थित किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (केजीएमयू) परिसर में मजार के बहाने किए जा रहे अतिक्रमण को लेकर शनिवार को एक बार फिर हलचल देखने को मिली। विश्वविद्यालय प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए मजार के पास लगाए गए बांस-बल्ली हटाकर क्षेत्र को दोबारा अतिक्रमण मुक्त करा दिया। इस दौरान परिसर में काफी गहमा-गहमी रही। एहतियातन भारी पुलिस बल तैनात किया गया।
बताया जा रहा है कि परिसर में स्थित हरमैन शाह की मजार के आगे कुछ लोगों ने पिछले दिनों बांस-बल्ली लगाकर परिसर को बढ़ाने की कोशिश की थी। इसकी सूचना पर केजीएमयू प्रशासन और सुरक्षा टीम मौके पर पहुंची और तत्काल कार्रवाई करते हुए लगाए गए सभी बांस-बल्ली को हटवा दिया। कार्रवाई के दौरान टीम ने हटाई गई सामग्री को वहां से हटा भी दिया गया।

अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के समय विश्वविद्यालय परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे जिससे किसी तरह की अप्रिय स्थिति न बने। मौके पर मौजूद अधिकारियों ने साफ शब्दों में कहा कि केजीएमयू परिसर में किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और परिसर की जमीन को सुरक्षित रखने के लिए प्रशासन लगातार सतर्क है।
इस पूरे घटनाक्रम के दौरान केजीएमयू के प्रॉक्टर डॉ. आरएस कुशवाहा भी मौके पर मौजूद रहे। उन्होंने बताया कि होली के दौरान कुछ लोगों ने बांस-बल्ली लगाकर परिसर में अतिक्रमण करने की कोशिश की थी। फिलहाल अतिक्रमण को पूरी तरह हटा दिया गया है लेकिन यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि यह काम किन लोगों ने किया था। विश्वविद्यालय प्रशासन ने दोहराया है कि परिसर की जमीन पर किसी भी तरह का अवैध कब्जा या विस्तार नहीं होने दिया जाएगा और भविष्य में भी ऐसी कोशिशों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।






