हरदोई, 5 फरवरी 2026:
हरदोई शहर स्थित ससुराल आई लखनऊ के इंदिरानगर थाने में तैनात महिला सिपाही ने फांसी लगाकर जान दे दी। घर में देवर की शादी की तैयारियां चल रही थीं और मेहमानों का आना-जाना लगा हुआ था। मृतका प्रीति की एक सात माह की मासूम बेटी है। पति सदमे की हालत में है।
मूल रूप से बरेली की रहने वाली प्रीति सिंह उम्र करीब 34 वर्ष वर्ष 2021 बैच की महिला सिपाही थीं। करीब 12 साल पहले उन्होंने हरदोई के नगर कोतवाली क्षेत्र के आलू थोक मोहल्ला निवासी सौरभ श्रीवास्तव से परिवार की मर्जी के खिलाफ लव मैरिज की थी। इसी वजह से दोनों शादी के बाद से सौरभ के चाचा के घर पर रह रहे थे। यहीं से प्रीति रोज लखनऊ अप-डाउन कर ड्यूटी करती थीं। सात महीने पहले ही प्रीति ने एक बेटी को जन्म दिया था।
10 फरवरी को देवर पंकज की बारात जानी थी। इसी वजह से बीते पांच दिनों से प्रीति छुट्टी पर थीं और शादी की रस्मों में शामिल हो रही थीं। घर में खुशी का माहौल था। रिश्तेदार जुटने लगे थे और तैयारियां चल रही थीं। बुधवार शाम प्रीति ने घर के काम निपटाए। इसके बाद सात महीने की बेटी को पति सौरभ के पास छोड़कर अपने कमरे में चली गईं।
जब काफी देर तक प्रीति कमरे से बाहर नहीं आईं तो देवर पंकज उसे बुलाने पहुंचा। दरवाजा अंदर से बंद था। आवाज देने पर भी कोई जवाब नहीं मिला। खिड़की से झांकने पर कमरे के अंदर पंखे से फंदे के सहारे उनका शव लटका दिखा। प्रीति की मौत की खबर सुनते ही पति सौरभ गश खाकर गिर पड़े। परिजनों ने किसी तरह संभाला, लेकिन वह बार-बार बेहोश हो जा रहे थे। मौके पर मौजूद पुलिस ने उन्हें सहारा देकर घर के अंदर पहुंचाया।
सूचना पर सीओ सिटी अंकित मिश्रा पुलिस बल और फील्ड यूनिट के साथ मौके पर पहुंचे। कमरे से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की है, लेकिन आत्महत्या के कारणों को लेकर अभी कोई ठोस वजह सामने नहीं आ सकी है। परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच किसी तरह का विवाद नहीं था।






