लखनऊ, 11 मार्च 2026:
यूपी की राजधानी लखनऊ में बुधवार सुबह घनी धुंध का असर हवाई यातायात पर साफ दिखाई दिया। कम दृश्यता के कारण चौधरी चरण सिंह अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर कई उड़ानों का संचालन प्रभावित रहा। हैदराबाद से आने वाली इंडिगो की एक उड़ान लखनऊ में लैंड नहीं कर सकी। उसे दिल्ली डायवर्ट करना पड़ा। वहीं कई घरेलू उड़ानें घंटों की देरी से रवाना हुईं। दूसरी ओर ईरान और इजराइल के बीच जारी युद्ध का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी देखने को मिला, जिसके चलते खाड़ी देशों के लिए कई उड़ानें रद्द कर दी गईं।
एयरपोर्ट सूत्रों के अनुसार बुधवार सुबह एयरपोर्ट के आसपास घनी धुंध छाई रही। इससे दृश्यता काफी कम हो गई थी। इसी वजह से सुबह 8:05 बजे हैदराबाद से लखनऊ पहुंची इंडिगो की उड़ान को एयर ट्रैफिक कंट्रोल (एटीसी) से लैंडिंग की अनुमति नहीं मिल सकी। कुछ देर तक हवा में चक्कर लगाने के बाद विमान को दिल्ली डायवर्ट कर दिया गया।
धुंध का असर लखनऊ से उड़ान भरने वाली कई फ्लाइट्स पर भी पड़ा। सुबह 6:10 बजे लखनऊ से दिल्ली जाने वाली इंडिगो की उड़ान करीब एक घंटे की देरी से रवाना हुई। वहीं सुबह 6:15 बजे दम्माम जाने वाली फ्लाइनेस की उड़ान निर्धारित समय से करीब तीन घंटे बाद सुबह 9:05 बजे उड़ान भर सकी। इसके अलावा सुबह 8:45 बजे लखनऊ से बेंगलुरु जाने वाली इंडिगो की उड़ान भी करीब सवा घंटे देरी से सुबह 10 बजे रवाना हुई।
इसी बीच पश्चिम एशिया में जारी तनाव का असर अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर भी पड़ा है। ईरान और इजराइल के बीच जारी युद्ध के चलते खाड़ी देशों से आने-जाने वाली कई उड़ानें बुधवार को रद्द कर दी गईं। अबूधाबी से सुबह 6:05 बजे लखनऊ आने वाली इंडिगो की उड़ान रद्द कर दी गई, जबकि शारजाह से सुबह 7:05 बजे आने वाली उड़ान भी रद्द रही।
इसके अलावा दम्माम से शाम 8 बजे लखनऊ पहुंचने वाली उड़ान को भी रद्द कर दिया गया। वहीं लखनऊ से शाम 8:35 बजे अबूधाबी, रात 9 बजे दम्माम और रात 10 बजे शारजाह जाने वाली इंडिगो की अंतरराष्ट्रीय उड़ानें भी रद्द कर दी गईं। उड़ानों के रद्द और देरी से चलने के कारण यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा।






