बाराबंकी, 25 जनवरी 2026:
पुलिस की स्वाट/सर्विलांस और थाना सफदरगंज की संयुक्त टीम ने तीन शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके पास से नकदी, सोने-चांदी के जेवर, मेंथा ऑयल, सरसों, शराब की बोतलें और दो मोटरसाइकिल बरामद की हैं।
पुलिस के मुताबिक पकड़े गए आरोपी चोरी के दौरान मोबाइल फोन इस्तेमाल नहीं करते थे, ताकि उनकी लोकेशन ट्रेस न हो सके। वहीं सीसीटीवी से बचने के लिए मुख्य रास्तों की जगह खेत-बाग के रास्तों से आते-जाते थे। पुलिस टीम ने मैनुअल इंटेलिजेंस और डिजिटल डेटा की मदद से रविवार को हाईवे काउंटी साइट, ग्राम जलालपुर के पास से तीन आरोपियों को पकड़ा। गिरफ्तार आरोपियों में बिरजू रावत उर्फ राहुल व अवनीश वर्मा उर्फ लकी निवासी ग्राम पहलीपार, मसौली और राज वर्मा उर्फ एसके, निवासी ग्राम कुड़ी सफदरगंज हैं। इनके पास से 8 बोरी सरसों,जेवरात, 5 लीटर मेंथा ऑयल, शराब की बोतलें व दो बाइक बरामद हुई हैं।
दिन में रेकी कर रात में सेंधमारी, कई वारदातें स्वीकारीं, फरार दो साथियों की तलाश
पूछताछ में सामने आया कि आरोपी दिन में रेकी कर चोरी के लिए जगह तय करते थे। आरोपियों ने थाना सफदरगंज क्षेत्र में सफदरगंज चौराहे के पास एक सर्राफा दुकान में 10 जनवरी 2026 को चोरी, 11 जनवरी 2026 को अंग्रेजी शराब के ठेके में चोरी, 29 दिसंबर को ग्राम मीरापुर मजरे बुधवारा में एक घर से चोरी की वारदात कबूल की है। इसके अलावा थाना जैदपुर क्षेत्र में भी चोरी की एक घटना में शामिल होने की बात सामने आई है। पुलिस के मुताबिक इस गैंग में दो अन्य साथी भी शामिल हैं, जिनकी तलाश की जा रही है। फरार आरोपियों के नाम रोहित उर्फ करिया और दुर्गेश वर्मा उर्फ कुन्नू बताए गए हैं। पुलिस टीमों को उनकी गिरफ्तारी के लिए लगाया गया है।






