नितेश चन्द्र शुक्ला
हरदोई, 18 मार्च 2026:
यूपी के हरदोई शहर में बावन मार्ग पर मंगलवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब एचपीसीएल की अंडरग्राउंड पाइपलाइन से अचानक धमाके के साथ पीएनजी गैस का रिसाव शुरू हो गया। गैस का दबाव इतना अधिक था कि वह पानी के फव्वारे की तरह ऊपर उठती दिखाई दी। इसे देख स्थानीय लोगों के बीच दहशत फैल गई। घबराए लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही प्रशासन हरकत में आ गया। कुछ ही देर में दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। एचपीसीएल की तकनीकी टीम के साथ डीएम अनुनय झा और एसपी अशोक मीणा भी घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया। एहतियात के तौर पर आसपास की बिजली सप्लाई तत्काल काट दी गई और दोनों ओर से यातायात रोक दिया गया जिससे किसी बड़े हादसे की आशंका को टाला जा सके।

एचपीसीएल अधिकारियों के अनुसार सवायजपुर से बावन और हरदोई होते हुए बाम्हनाखेड़ा मुख्य यूनिट तक हाल ही में पाइपलाइन बिछाई गई थी। इसी लाइन की टेस्टिंग के लिए मंगलवार दोपहर बाद पीएनजी गैस की सप्लाई शुरू की गई थी। शाम तक सब सामान्य रहा, लेकिन देर रात बावन-हरदोई मार्ग पर पेट्रोल पंप के पास बने चेंबर से अचानक धमाके के साथ गैस लीक होने लगी। उस समय पाइपलाइन में काफी प्रेशर था।
प्रशासन और तकनीकी टीम की करीब डेढ़ घंटे की मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। डीएम ने बताया कि फिलहाल किसी तरह की जनहानि या नुकसान की सूचना नहीं है। एचपीसीएल और प्रशासन की संयुक्त टीम घटना के कारणों की जांच कर रही है। आधी रात के आसपास हालात पूरी तरह सामान्य हो गए।






